शिमला: हिमाचल प्रदेश के किसानों और बागवानों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से चल रहे यूरिया संकट पर अब विराम लगने जा रहा है। कृषि कार्यों, सब्जियों की खेती और बगीचों में छिड़काव के लिए खाद का इंतजार कर रहे अन्नदाताओं के लिए आखिरकार यूरिया की नई खेप प्रदेश में पहुंच चुकी है। सरकार की तरफ से राज्य के लिए कुल 2,790 टन यूरिया खाद जारी की गई है, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के अलग-अलग जिलों के लिए कुल 61,380 बोरी यूरिया खाद आवंटित की गई है। इस पूरी खेप को दो मुख्य केंद्रों पर उतारा गया है। पहली खेप होशियारपुर में उतारी गई है, जहां से ऊना, कांगड़ा, हमीरपुर, चंबा और मंडी जिलों को यूरिया सप्लाई किया जा रहा है। वहीं, दूसरी खेप चंडीगढ़ पहुंची है, जहां से शिमला, लाहौल-स्पीति, बिलासपुर, सोलन, कुल्लू और सिरमौर जिलों के गोदामों तक खाद भेजी जा रही है। अकेले ऊना जिले की बात करें, तो यहां के किसानों के लिए 400 टन यूरिया भेजा गया है। जिला कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. प्रेम ठाकुर ने बताया कि यह खाद सहकारी सभाओं और अधिकृत बिक्री केंद्रों के माध्यम से सीधे किसानों तक पहुंचाई जाएगी ताकि किसी को कोई असुविधा न हो। इसके साथ ही उन्होंने किसानों से एक खास अपील भी की है। डॉ. प्रेम ठाकुर, उपनिदेशक, कृषि विभाग ने बताया कि सभी किसान भाई अपनी जरूरत के हिसाब से ही खाद खरीदें। बाजार में खाद की कोई कमी नहीं है, इसलिए किसी भी तरह की जमाखोरी न करें और न ही किसी अफवाह पर ध्यान दें। बीते कुछ समय से खाद की किल्लत झेल रहे हिमाचल के बागवानों और किसानों ने इस खेप के पहुंचने के बाद आखिरकार राहत की सांस ली है।





