Home » Uncategorized » डांट से मिला आइडिया: छात्र अर्पण ने तैयार की सेंसर आधारित सुरक्षित इस्त्री, शॉर्ट सर्किट और कपड़ों के जलने का खतरा होगा खत्म…

डांट से मिला आइडिया: छात्र अर्पण ने तैयार की सेंसर आधारित सुरक्षित इस्त्री, शॉर्ट सर्किट और कपड़ों के जलने का खतरा होगा खत्म…

लाइव हिमाचल/हमीरपुर: “कहते हैं कि आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है, और इस कहावत को सच कर दिखाया है हिमाचल के गलोल के रहने वाले बारहवीं कक्षा के होनहार छात्र अर्पण दत्त शर्मा ने। एक दिन घर में कपड़े इस्त्री करते समय अर्पण से उनकी शर्ट जल गई, जिसके बाद उन्हें घरवालों से जमकर डांट सुननी पड़ी। लेकिन अर्पण ने इस डांट को निराशा में बदलने के बजाय नवाचार का एक ऐसा अवसर बना डाला, जिसने आज उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला दी है। अर्पण ने ‘स्मार्ट सेफ्टी आयरन विद सेंसर’ नाम का एक अनोखा मॉडल विकसित किया है, जो कपड़ों के साथ-साथ आपके घर को भी शॉर्ट सर्किट जैसी दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखेगा। अर्पण के इस खास मॉडल का चयन अब राष्ट्रीय स्तरीय इंस्पायर मॉडल प्रदर्शनी के लिए हुआ है। इस स्मार्ट सेफ्टी आयरन की खासियत यह है कि इसमें विशेष सेंसर लगाए गए हैं, जो लगातार इस्त्री की गतिविधि पर नजर रखते हैं। अगर इस्त्री सामान्य रूप से चल रही है, तो यह काम करती रहेगी; लेकिन जैसे ही सेंसर को यह महसूस होता है कि इस्त्री काफी देर से बिना हिले-डुले एक ही जगह पर स्थिर रखी है, तो इसकी सुरक्षा प्रणाली तुरंत एक्टिव हो जाती है। यह सेंसर स्वतः ही बिजली की आपूर्ति को नियंत्रित कर हीटिंग एलिमेंट को बंद कर देता है, जिससे न तो कपड़ा जलता है और न ही किसी हादसे का डर रहता है। शिक्षकों के सहयोग से तैयार किए गए इस घरेलू और बेहद उपयोगी आविष्कार के लिए अर्पण ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार और गुरुजनों को दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *