Home » Uncategorized » कांग्रेस उपाध्यक्ष पद से नीरज भारती की छुट्टी! कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का लगाया था आरोप, आखिरकार मंजूर हुआ इस्तीफा…

कांग्रेस उपाध्यक्ष पद से नीरज भारती की छुट्टी! कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का लगाया था आरोप, आखिरकार मंजूर हुआ इस्तीफा…

शिमला: हिमाचल प्रदेश की सियासत से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। पूर्व सीपीएस नीरज भारती का कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष पद से दिया गया इस्तीफा आखिरकार मंजूर हो गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आधिकारिक तौर पर उनके इस्तीफे को स्वीकार करते हुए उपाध्यक्ष पद से उनकी सेवाएं समाप्त कर दी हैं। संगठन महासचिव विनोद जिंटा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने इस इस्तीफे को मंजूरी दी है। आपको बता दें कि नीरज भारती ने सोशल मीडिया के जरिए अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए सूबे की सरकार और संगठन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए थे। भारती का आरोप था कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में जमीन पर पसीना बहाने वाले मेहनती और संघर्षशील कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा हुई है, जिससे संगठन में भारी निराशा है। उन्होंने सरकार और संगठन के बीच बढ़ती दूरी पर भी गहरी चिंता जताई थी।

गौरतलब है कि हाल ही में सरकार और संगठन के खिलाफ की गई तीखी टिप्पणियों को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने नीरज भारती को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था। लेकिन अब इस्तीफा मंजूर होने के साथ ही कांग्रेस उपाध्यक्ष पद पर उनका अध्याय औपचारिक रूप से समाप्त हो गया है। हिमाचल की राजनीति में इस फैसले को एक बेहद महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है, और आने वाले दिनों में इसके सियासी मायनों को लेकर चर्चाएं और तेज होना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *