Home » Uncategorized » हिमाचल पंचायत चुनाव का महामुकाबला: तीसरे चरण के लिए मतदान शुरू, बूथों पर लगी मतदाताओं की लंबी कतारें…

हिमाचल पंचायत चुनाव का महामुकाबला: तीसरे चरण के लिए मतदान शुरू, बूथों पर लगी मतदाताओं की लंबी कतारें…

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश में लोकतंत्र के उत्सव का आज आखिरी और बड़ा दिन है। सूबे में पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे और अंतिम चरण के चुनाव के लिए सुबह 7 बजे से ही वोटिंग शुरू हो चुकी है। कड़ाके की ठंड और सुबह के वक्त के बावजूद पोलिंग बूथों के बाहर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जिससे साफ है कि गांव की सरकार चुनने के लिए वोटरों में भारी उत्साह है। आज राज्य की 1,189 पंचायतों में करीब 15 लाख 40 हजार से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। दोपहर 3 बजे तक चलने वाली इस वोटिंग के ठीक बाद प्रधान, उप-प्रधान और वार्ड सदस्यों के लिए वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी और आज ही इनके नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं, बीडीसी (BDC) और जिला परिषद के भाग्य का फैसला 31 मई को होने वाली मतगणना के साथ होगा। राज्य की 1189 पंचायतों में आज 15 लाख 40 हजार 324 वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 7 लाख 76 हजार 802 पुरुष, 7 लाख 63 हजार 517 महिला और 5 अन्य मतदाता शामिल हैं। प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, और अब नजरें आज शाम आने वाले नतीजों पर टिकी हैं। तो आज हिमाचल प्रदेश के गावों की तकदीर और तस्वीर का फैसला ईवीएम और मतपेटियों में बंद हो रहा है। आज शाम तक यह साफ हो जाएगा कि पंचायतों का सेहरा किसके सिर सजेगा। लोकतंत्र के इस महापर्व की हर छोटी-बड़ी अपडेट, पोलिंग बूथों की लाइव तस्वीरें और शाम को आने वाले सबसे तेज नतीजे हम आप तक लगातार पहुंचाते रहेंगे। हिमाचल पंचायत चुनाव से जुड़ी पल-पल की खबरों के लिए बने रहिए लाइव हिमाचल मीडिया के साथ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *