शिमला : अगर आप हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है। हिमाचल प्रदेश वन विभाग ने राज्य के 150 वन विश्राम गृहों (Forest Rest Houses) को ऑनलाइन बुकिंग के लिए खोल दिया है। अब पर्यटक इन शानदार और प्रकृति के करीब बने रेस्ट हाउस की बुकिंग सीधे वन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट hpecotourism.com पर जाकर कर सकेंगे। अभी तक यह सुविधा केवल कुछ गिने-चुने इलाकों में ही थी, लेकिन अब इसे बड़े स्तर पर लागू कर दिया गया है। विभाग का दावा है कि इन रेस्ट हाउस में सैलानियों को बिल्कुल होटल के स्तर की आधुनिक सुविधाएं दी जा रही हैं।
आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश में वन विभाग के कुल 450 रेस्ट हाउस हैं, जिनमें से पहले चरण में 150 को ईको टूरिज्म (Eco-Tourism) के तहत विकसित किया गया है। मुख्य अरण्यपाल शिमला, के. थिरुमल ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य में ईको टूरिज्म को बढ़ावा देना है, ताकि पर्यटकों को प्रकृति के बीच रहने का एक बेहतरीन और आधुनिक अनुभव मिल सके। इन रेस्ट हाउसों के संचालन और रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी संबंधित डीएफओ (DFO) को सौंपी गई है। कमरों की बुकिंग तय दरों पर होगी, हालांकि सीजन और पर्यटकों की मांग को देखते हुए डीएफओ को किराया बढ़ाने का अधिकार भी दिया गया है।
इस योजना के तहत हिमाचल के कई प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट्स को कवर किया गया है।
-
शिमला डिवीजन में सुन्नी, खलीनी, घणाहट्टी और चक्कर सहित 10 रेस्ट हाउस तैयार हैं।
-
रोहड़ू डिवीजन में खड़ापत्थर, चांसल के पास रोहड़ू, डोडरा-क्वार और लरोट जैसे 8 खूबसूरत ठिकाने शामिल हैं।
-
इसके अलावा किन्नौर के बेहद खूबसूरत इलाके जैसे कल्पा, सांगला और निचार, तथा सोलन के कुमारहट्टी और गड़खल रेस्ट हाउस भी अब सिर्फ एक क्लिक की दूरी पर हैं। तो देर किस बात की? इस बार हिमाचल की वादियों का दीदार करने के लिए इन सरकारी और किफायती फॉरेस्ट रेस्ट हाउस को अपनी लिस्ट में जरूर शामिल करें।





