Home » Uncategorized » हिमाचल पंचायत चुनाव: कांगड़ा में 8 वोटों से हार के बाद बवाल, काउंटिंग टीम को बनाया बंधक; गाड़ियां घेरीं…

हिमाचल पंचायत चुनाव: कांगड़ा में 8 वोटों से हार के बाद बवाल, काउंटिंग टीम को बनाया बंधक; गाड़ियां घेरीं…

लाइव हिमाचल/कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा ब्लॉक की झिकली इच्छी पंचायत में उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब महज 8 वोटों से चुनाव हारने वाले प्रत्याशी के समर्थकों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। पूरी रात चली वोटों की गिनती के बाद जैसे ही सुबह साढ़े 6 बजे नतीजों का ऐलान हुआ, पंचायत भवन के बाहर रणक्षेत्र जैसा माहौल बन गया। कांग्रेस समर्थित इकबाल सिंह को 1331 और बीजेपी समर्थित विजय कुमार को 1323 वोट मिले। इसी मामूली अंतर से भड़के समर्थकों ने चुनाव प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए दावा कर दिया कि कुल 35 वोट गायब हैं। आक्रोश इस कदर बढ़ा कि उग्र भीड़ ने पोलिंग टीम को कुछ देर के लिए कमरे के भीतर ही बंधक बना दिया। हंगामे की खबर मिलते ही बीडीओ तारुल कटियार और तहसीलदार प्रकाश चंद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन बेकाबू भीड़ ने अधिकारियों की गाड़ियों को घेरकर जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। काफी मशक्कत और पुलिस के दखल के बाद आखिरकार टीम को वहां से सुरक्षित निकालकर एसडीएम ऑफिस भेजा गया। इस बीच, चुनाव हारने वाले उम्मीदवार विजय कुमार ने इसे संदिग्ध चुनावी नतीजा बताते हुए मामले को कोर्ट में चुनौती देने और लापरवाह अधिकारियों को तुरंत सस्पेंड करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *