लाइव हिमाचल/सोलन: पहाड़ों की ठंडी हवाएं अब इतिहास जैसी लगने लगी हैं, क्योंकि देवभूमि हिमाचल प्रदेश इस वक्त सूरज की भीषण तपिश से झुलस रहा है। मैदानी इलाकों की तरह अब पहाड़ों में भी जानलेवा गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सुबह के 10 बजते ही धूप इतनी तीखी हो जाती है कि मानों आसमान से आग बरस रही हो। मौसम विभाग ने आज ऊना, कांगड़ा, शिमला और सोलन जैसे जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। हालात ये हैं कि ऊना में पारा सामान्य से 5 डिग्री ऊपर जाकर 44 डिग्री सेल्सियस को छू चुका है, तो वहीं हमेशा ठंडा रहने वाला शिमला भी 30.5 डिग्री के साथ तप रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर आम कामकाजी लोग इस चिलचिलाती धूप से बेहाल हैं और स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है। लेकिन इस भीषण टॉर्चर के बीच एक राहत भरी खबर भी है। मौसम विभाग के मुताबिक, एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जिससे कल यानी 22 मई से मौसम करवट लेने वाला है। 22 और 23 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश की संभावना है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राहत का यह सिलसिला 24 से 26 मई के बीच भी बूंदाबांदी के रूप में जारी रहेगा। हालांकि यह सिस्टम बहुत ज्यादा मजबूत तो नहीं है, लेकिन तपते हिमाचल को झुलसाने वाली गर्मी से कुछ राहत जरूर दे जाएगा।





