Home » Uncategorized » नारी शक्ति का परचम: हिमाचल निकाय चुनाव में महिलाओं के लिए 195 सीटें आरक्षित, 17 मई को वोटिंग

नारी शक्ति का परचम: हिमाचल निकाय चुनाव में महिलाओं के लिए 195 सीटें आरक्षित, 17 मई को वोटिंग

शिमला: हिमाचल प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान 17 मई को कराए जाएंगे। चुनाव आचार संहिता के दौरान शहरी क्षेत्रों में नई परियोजना की घोषणा, शिलान्यास व उद्घाटन भी नहीं हो सकेंगे। हिमाचल प्रदेश में 10 जिलों में कुल 3,60,859 मतदाता इस बार नगर निकायों की सरकार चुनने में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। कुल मतदाताओं में 1,80,963 पुरुष और 1,79,882 महिला वोटर शामिल हैं, जबकि 14 अन्य मतदाता भी सूची में दर्ज किए गए हैं। 51 नगर निकायों में 195 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।  जिलावार आंकड़ों में कांगड़ा सबसे आगे है, जहां 1,00,884 मतदाता पंजीकृत हैं। इसके बाद मंडी (65,720) दूसरे और सोलन (49,059) तीसरे स्थान पर हैं। सिरमौर में 39,004 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अन्य जिलों में ऊना में 28,132, कुल्लू में 22,397, चंबा में 20,619, बिलासपुर में 16,770 और शिमला में 11,437 मतदाता दर्ज किए गए हैं। हमीरपुर जिला सबसे पीछे है, जहां केवल 6,837 मतदाता ही पंजीकृत हैं। नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय निर्वाचन आयोग ने मतदान प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाने के लिए अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी मतदाता के पास मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है, तो वह निर्धारित 12 वैकल्पिक दस्तावेजों में से किसी एक के आधार पर भी मतदान कर सकता है। ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, सरकारी या निजी संस्थानों के फोटोयुक्त आईडी, बैंक या डाकघर की पासबुक, राशन कार्ड, जाति प्रमाणपत्र, छात्र पहचान पत्र, संपत्ति के दस्तावेज, शस्त्र लाइसेंस, कंडक्टर लाइसेंस, पेंशन दस्तावेज और आश्रित प्रमाणपत्र, रेलवे या बस पास, अक्षम प्रमाण पत्र, स्वतंत्रता सैनानी प्रमाण पत्र और आधार कार्ड शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनावों की घोषणा के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों, उपमंडल अधिकारियों (एसडीएम), जिला पंचायत अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने मुख्यालयों में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि बिना अपरिहार्य परिस्थितियों के कोई भी अधिकारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। नगर निकाय चुनाव प्रदेश के 10 जिलों के कुल 51 शहरी स्थानीय निकायों में कराए जाएंगे। इन निकायों के 449 वार्डों में पार्षद चुनने के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नगर निगमों की बात करें तो धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन में कुल 64 वार्डों में मुकाबला होगा। इनमें सोलन और धर्मशाला में 17-17 वार्ड, पालमपुर और मंडी में 15-15 वार्ड शामिल हैं। जिलावार आंकड़ों में कांगड़ा जिला सबसे आगे है, जहां 80 वार्डों में चुनाव होंगे। इसके बाद मंडी में 65 और शिमला में 58 वार्डों में मतदान होगा। वहीं सोलन में 49 और ऊना में 48 वार्डों में चुनावी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दूसरी ओर हमीरपुर जिला सबसे पीछे है, जहां केवल 16 वार्डों में ही मतदान होगा। चंबा में 27, सिरमौर में 33, बिलासपुर में 34 और कुल्लू में 39 वार्डों में पार्षद चुने जाएंगे।

आयोग ने मतदाताओं और उम्मीदवारों की जानकारी को आसान बनाने के लिए वोटर सारथी और डीपीएमआईएस एप लॉन्च किए हैं। अब मतदाता वोटर सारथी एप के जरिये अपने और परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में आसानी से देख सकते हैं। यह एप आयोग की वेबसाइट और गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। जिन मतदाताओं ने मोबाइल नंबर दर्ज कराए हैं, उन्हें मतदान से जुड़ी जानकारी एसएमएस से भी मिलेगी। डीपीएमआईएस ऐप के जरिये मतदाता रियल-टाइम में उम्मीदवारों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसमें नामांकन, चुनाव चिह्न के साथ चल-अचल संपत्ति, और आपराधिक रिकॉर्ड जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भी उपलब्ध होंगी। फोटो पहचान पत्र केवल पहचान का प्रमाण है, मतदान का अधिकार नहीं। आयोग की मतदाता सूची में नाम होना अनिवार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *