कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. रक्कड़ के कलोहा सरड़ बम्मी नामक स्थान में टैक्सी चालक मेहर सिंह पर हत्या का प्रयास करने के आरोप में पुलिस ने 2 आरोपी युवकों को हिरासत में लिया है. आरोपियों ने टैक्सी चालक पर पहले चाकू से हमला किया और बाद में रस्सी से गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया. फिर उसे मरा हुआ समझकर अधमरी हालत में ही जंगल में फेंक कर फरार हो गए थे. हालांकि टैक्सी चालक के भाई द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही केस से सारी परतें उधेड़ते हुए आरोपियों सहित टैक्सी चालक को ढूंढ निकाला, जोकि गंभीर हालत में पाया गया. वहीं एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि, पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमित कौशल (उम्र- 23 वर्ष) निवासी तहसील खुंडियां, जिला कांगड़ा और सुरेश कुमार (उम्र-19 वर्ष) निवासी डाकघर टिहरी, तहसील खुंडियां, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है. उन्होंने बताया कि थाना खुंडियां के अधीन पड़ती मझींन चौकी में दोनों आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
17 अप्रैल के बाद से था गुमशुदा टैक्सी चालक
पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल को टैक्सी चालक मेहर सिंह के भाई प्रताप निवासी पड़ेला डाकघर टिहरी ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट मझींन चौकी में दर्ज करवाई थी. रिपोर्ट में कहा गया था कि शुक्रवार को उनका भाई मेहर सिंह निवासी टिहरी जोकि टैक्सी चलाता है. वह सवारी लेकर होशियारपुर गया था, लेकिन अभी तक नहीं लौटा। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि, आरोपी युवकों ने बीती शुक्रवार को टैक्सी चालक मेहर चंद को होशियारपुर जाने के लिए हायर किया था. दोपहर के करीब निकलने के बाद यात्रा के दौरान कालोहा के निकट किसी बात को लेकर उक्त युवकों का टैक्सी चालक के साथ विवाद हुआ. इसके बाद आरोपियों द्वारा चालक को वैकल्पिक मार्ग (सीकरा दा परोह होते हुए कामाख्या मंदिर मार्ग) से वाहन चलाने के लिए बाध्य किया गया. सुनसान क्षेत्र का लाभ उठाते हुए आरोपियों ने टैक्सी चालक पर चाकू से हमला किया तथा रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया. आरोपियों ने चालक को मृत समझकर सुनसान स्थान पर जंगल में छोड़ दिया. टैक्सी चालक को मारने के बाद आरोपी युवक उसकी कार में सवार होकर उसे होशियारपुर की ओर ले गए और वहीं टैक्सी को लावारिस छोड़कर वापस अपने घर पहुंच गए. आरोपियों ने टैक्सी चालक मेहर चंद को मारने के बाद उसके पैसे लूटे और बाद में उसकी सोने की अंगूठी भी साथ ले गए और उसे बेच डाला. स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी युवक नशे के आदी हैं और पहले भी वह मेहर चंद की टैक्सी हायर कर होशियारपुर की ओर जाते आते रहे हैं. आरोपी युवकों ने नशे को लेकर इस घटना को अंजाम दिया है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है. बहरहाल पुलिस की मामले को लेकर छानबीन जारी है.





