Home » Uncategorized » दक्षिण अफ्रीका में बड़सर के युवक की संदिग्ध मौत, सदमे में परिवार; लाचार पिता ने सरकार से लगाई बेटे का पार्थिव शरीर लाने की गुहार…

दक्षिण अफ्रीका में बड़सर के युवक की संदिग्ध मौत, सदमे में परिवार; लाचार पिता ने सरकार से लगाई बेटे का पार्थिव शरीर लाने की गुहार…

बड़सर के युवक अमन कुमार की दक्षिण अफ्रीका में संदिग्ध मौत, स्विमिंग पूल में मिला शव; घर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं

हमीरपुर,

जिला हमीरपुर के उपमंडल बड़सर से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। बड़सर क्षेत्र के अंतर्गत महारल पंचायत के काली चीक गांव के 26 वर्षीय युवक अमन कुमार की दक्षिण अफ्रीका में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि अमन का शव वहां एक स्विमिंग पूल में बरामद हुआ, जिससे उसकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।जानकारी के अनुसार, अमन कुमार पिछले साल दिवाली के बाद बेहतर भविष्य और रोजगार की तलाश में दक्षिण अफ्रीका गया था। वहां वह एक होटल में कार्यरत था और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए मेहनत कर रहा था। अमन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता उधम सिंह ने कठिन परिश्रम करते हुए, मजदूरी और शादियों में बैंड बजाकर अपने बेटे को होटल मैनेजमेंट का कोर्स करवाया था, ताकि वह जीवन में आगे बढ़ सके और परिवार का सहारा बन सके। परिवार में अमन की दो बहनें हैं, जिनकी शादी पहले ही हो चुकी है। अमन से ही परिवार की उम्मीदें जुड़ी हुई थीं। उसकी अचानक मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। गांव में भी शोक का माहौल है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।बताया जा रहा है कि अमन ने करीब तीन महीने पहले ही केरल की एक युवती से कोर्ट मैरिज की थी। परिवार अब घर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनकी शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। जिस घर में बेटे की बारात और खुशियों का इंतजार हो रहा था, वहां अब उसके पार्थिव शरीर के आने की प्रतीक्षा हो रही है। इस दुखद घटना ने परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया है।स्विमिंग पूल में शव मिलने के कारण इस पूरे मामले को संदिग्ध माना जा रहा है और वहां की स्थानीय एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।वहीं गमगीन पिता ने सरकार और विदेश मंत्रालय से अपील की है कि उनके बेटे के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने में मदद की जाए, ताकि अंतिम संस्कार अपने गांव में किया जा सके।जानकारी के अनुसार, शव को भारत लाने में करीब 15 से 20 दिन का समय लग सकता है। इस बीच परिवार और गांव के लोग गहरे सदमे में हैं और प्रशासन से हर संभव सहायता की उम्मीद कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12