मंडी: हिमाचल प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन नारे के साथ काम रही सुक्खू सरकार मंचों से किसानों और पशुपालकों की हितैषी होने के बड़े बड़े दावे करती नहीं थकती है. लेकिन मंडी जिला में जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है. यहां पशुपालकों द्वारा एकत्र किया गया दुधारू पशुओं का दूध मिल्क प्लांट नहीं, बल्कि सड़कों पर देखने को मिल रहा है. ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं कि क्योंकि जिला के चक्कर में सचांलित मिल्कफेड़ के मिल्क प्लांट में शनिवार और रविवार को प्लांट स्टॉफ ने पशुपालकों का दूध लेने से साफ इंकार कर दिया. इसके बाद बल्ह क्षेत्र के गुस्साए एक पशुपालक ने 1200 लीटर दूध गाड़ी से निकालकर मिल्कफेड के गेट के बाहर ही उड़ेल दिया. जिसकी विडिओ भी अब वायरल हो रही है. इस वीडियो में पशुपालक प्रदेश सरकार की नीतियों पर भी कई सवाल खड़े करते नजर या रहे है. साथ की पशुपालक यह कहते हुए भी नजर आ रहे हैं कि चक्कर स्थित इस मिल्क प्लांट में महीने के चार दिन ऐसे ही जा रहें है, जिसमें कट्स लगाकर पशुपालकों से दूध नहीं खरीदा जा रहा है. पशुपालक रवि सैनी ने कहा की मिल्क प्लांट वालों की इस मनमानी के चलते आज भी उनका 50 हजार का नुकसान हो गया है. सैनी ने बताया की वह 4 साल से डेयरी फार्मिंग कर रहे हैं और उनके पास 30 गाय हैं. उन्होंने एक करोड का कर्ज लेकर स्वरोजगार शुरू किया है और हर माह लाखों रुपए बैंक में किस्त के रूप में जमा करने पड़ते हैं. अगर इसी तरह मनमाने कट लगते रहे तो बैंक का कर्ज तक नहीं चुका पाऊंगा. उधर, चक्कर मिल्कफेड प्लांट प्रभारी विश्वकांत शर्मा ने बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस प्लांट की क्षमता 1 लाख लीटर की ही है. इससे अधिक दूध को प्लांट में स्टोर करके नहीं रखा जा सकता है. इस स्थिति को देखते हुए पशुपालकों से एरिया वाइज दूध लिया जा रहा है. इस बारे में पशुपालकों को कुछ दिन पूर्व दिशा निर्देश भी दिए गए थे. संबंधित पशुपालक की इस हरकत की निंदा करते हुए उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस में भी कराने की बात कही है. हालांकि यह पहली बार नहीं है कि जिला और प्रदेश में पशुपालकों को सुक्खू सरकार के राज में परेशानियों का सामना करना पड़ा हो. पिछले कुछ माह पूर्व यही पशुपालक दुध का भुगतान न होने से प्रदेश सरकार से नाराज थे. वहीं अब इस तरह से कट लगने से पशुपालकों की समस्या और बढ़ती नजर आ रही है. बीते माह पशुपालकों ने रामपुर में प्रदर्शन भी किया था।





