कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में आस्था का अनोखा नजारा देखने को मिल रहा है. बंजार उपमंडल के प्रसिद्ध देवता देवता बालू नाग 14 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद नग्गर के जगती पट की यात्रा पर निकले हैं. इस खास मौके पर सैकड़ों श्रद्धालु उनके साथ चल रहे हैं. सोमवार को देवता बालू नाग का काफिला ढालपुर पहुंचा, जहां ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया. इसके बाद देवता ने भगवान रघुनाथ मंदिर में पहुंचकर शीश नवाया और पारंपरिक देव प्रक्रिया को संपन्न किया. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने देवता के दर्शन किए. देवता बालू नाग 28 मार्च को अपने मूल स्थान तांदी से इस यात्रा पर निकले थे. तय कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को देवता नग्गर स्थित जगती पट पहुंचेंगे, जहां धार्मिक अनुष्ठान पूरे किए जाएंगे. इसके बाद यात्रा मनाली के वशिष्ठ क्षेत्र की ओर बढ़ेगी. स्थानीय मान्यता के अनुसार देवता बालू नाग को भगवान लक्ष्मण का अवतार माना जाता है. कुल्लू और मंडी जिलों में उनकी गहरी आस्था है, जिसके चलते इस यात्रा में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या शामिल हो रही है. देवता के मोहता बलवीर ठाकुर और कारदार ख्याली राम शर्मा ने बताया कि देवता के आदेशानुसार यह यात्रा निकाली जा रही है. रास्ते भर श्रद्धालु पैदल ही देव रथ के साथ चल रहे हैं और जगह-जगह भव्य स्वागत किया जा रहा है। यात्रा पूरी होने के बाद देवता अपने मूल मंदिर बंजार लौट जाएंगे।





