सोलन : साईं संजीवनी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, सोलन में आज नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए शपथ ग्रहण समारोह एवं फ्रेशर्स पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, कर्तव्यनिष्ठा और नर्सिंग पेशे के प्रति समर्पण की भावना को प्रोत्साहित करना था। वहीं कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसे संस्थान के चेयरमैन डॉ. संजय अग्रवाल, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सविता अग्रवाल, प्रिंसिपल दिव्या वर्मा तथा संस्थान के शिक्षकों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।
इसके उपरांत प्रातःकालीन सत्र में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें नर्सिंग के नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने अपने पेशे के प्रति निष्ठा, सेवा और समर्पण की शपथ ली।
इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. संजय अग्रवाल ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में नर्सिंग पेशे की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नर्सें स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़ होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मानवता की सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने नर्सिंग क्षेत्र में उपलब्ध व्यापक संभावनाओं और उज्ज्वल भविष्य के बारे में भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया। वहीं शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत संस्थान में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया, जिसे जीएनएम द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया। इस कार्यक्रम के दौरान जीएनएम द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पंजाबी नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। इसके अतिरिक्त जीएनएम द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। फ्रेशर्स पार्टी का मुख्य आकर्षण नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए आयोजित रैम्प वॉक रहा, जिसमें प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व का परिचय दिया। इसके साथ ही प्रथम वर्ष के कुछ विद्यार्थियों ने भी अपनी मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में मिस चार्मिंग – कृति, मिस फ्रेशर्स – कनिका तथा मिस पर्सनैलिटी – मीनाक्षी का चयन किया गया, जिन्हें उनके आत्मविश्वास, प्रतिभा और प्रभावशाली व्यक्तित्व के आधार पर सम्मानित किया गया। वहीं अंत में मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सविता अग्रवाल ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संदेश देते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं बल्कि सेवा, करुणा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहने, कड़ी मेहनत करने तथा मरीजों की सेवा को सर्वोपरि रखने के लिए प्रेरित किया। अंत में प्रिंसिपल दिव्या वर्मा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनमें रचनात्मकता और सहयोग की भावना को भी विकसित करते हैं। इस अवसर पर संस्थान की शिक्षिकाएँ मिस मनीषा तनवर, मिस सुमन शर्मा, मिस नितिका, मिस विपाशा, मिस प्रभा भारती, मिस पूजा तथा प्रशासनिक स्टाफ से मिस्टर विद्य सागर भी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का समापन हर्ष, उल्लास और आनंद के वातावरण में हुआ तथा सभी ने इस यादगार अवसर का भरपूर आनंद लिया।




