लाइव हिमाचल/सोलन: हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस में महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया। गर्भवती महिला मेडिकल कॉलेज नाहन के लिए जा रही थी। अब जच्चा और बच्चा को मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि एचआरटीसी की बस में बच्चे के जन्म का शायद यह पहला मामला है। जानकारी के अनुसार कुंहट-हरिपुरधार-रेणुकाजी-नाहन रूट पर चलने वाली निगम की बस शुक्रवार को अपने निर्धारित समय शाम सात बजे ददाहू से नाहन के लिए रवाना हुई। मलगांव के समीप एक गर्भवती महिला सरोज को उसका पति व सास बस में प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन के लिए लेकर निकले। सभी बस की पिछली बड़ी सीट पर बैठ गए। जमटा से आगे दोसड़का पर गर्भवती महिला का दर्द बढ़ गया और वह चिल्लाने लगी। ऐसे में बस में बैठे पुरुष यात्री अगली सीटों पर चले गए और महिलाएं पीछे की ओर आ गईं। महिला को असहनीय पीड़ा हो रही थी। इसी दौरान उसने बच्चे को जन्म दे दिया। इसके बाद बस में बैठी एक महिला ने इसकी सूचना 108 एंबुलेंस को दी और चालक बस को नाहन की ओर लेकर जाने लगा। बनोग के समीप जच्चा व बच्चे को 108 एंबुलेंस में शिफ्ट करके मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया। यहां जच्चा-बच्चा दोनों का उपचार किया जा रहा है। दोनों की हालत ठीक है। मेडिकल कॉलेज नाहन के गायनी विभाग के एचओडी डॉ. अमोद सिंह ने बताया कि महिला ने शाम सवा 8 बजे के करीब निगम की बस में स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया है।महिला की डिलीवरी डेट 27 मार्च निर्धारित थी और एहतियात के तौर पर परिवार उसे पहले ही मेडिकल कॉलेज नाहन ले जा रहा था। हालांकि रास्ते में अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही बस में डिलीवरी हो गई। विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह बस में प्रसव होना मां और नवजात दोनों के लिए बेहद जोखिम भरा हो सकता था, क्योंकि ऐसी स्थिति में जरूरी चिकित्सकीय सुविधाएं और उपकरण उपलब्ध नहीं होते। हालांकि इस मामले में बस में मौजूद महिलाओं की मदद और समय पर मिली 108 एंबुलेंस सेवा के चलते जच्चा और नवजात दोनों सुरक्षित हैं।




