Home » Uncategorized » आर्थिक तंगी के चलते व्यक्ति ने दी अपनी जान, जंगल में मिला शव

आर्थिक तंगी के चलते व्यक्ति ने दी अपनी जान, जंगल में मिला शव

सोलन: जिला के अर्की उपमंडल के तहत दाड़लाघाट क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है। यहाँ टुईरु गाँव के एक 56 वर्षीय व्यक्ति ने मानसिक तनाव और आर्थिक परेशानियों के चलते जंगल में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान रमेश कुमार पुत्र कपुरु राम के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जाँच में सामने आया है कि रमेश कुमार पिछले कुछ समय से गहरे मानसिक तनाव में थे। उनकी पत्नी कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं, जिसके कारण वह काफी परेशान रहते थे। इसके अलावा, उन्होंने शिमला के विकास नगर में एक फ्लैट लिया था, जिसकी बैंक लोन की किश्तें और अन्य घरेलू खर्चों का बोझ भी उन पर था। आर्थिक तंगी और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते वह काफी दबाव में थे। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, तनाव के चलते रमेश कुमार ने 5 मार्च को अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया था। उनकी हालत देख 6 मार्च को उनके भाई रामपाल उन्हें संभालने के लिए अपने साथ गाँव टुईरु लेकर आए थे। लेकिन शनिवार, 7 मार्च को रमेश घर के साथ लगते जंगल में गए और वहाँ एक पेड़ से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस थाना दाड़लाघाट की टीम मौके पर पहुँची और शव को फंदे से नीचे उतारा। निरीक्षण के दौरान गले पर फंदे के निशान के अलावा शरीर पर चोट या खरोंच का कोई अन्य निशान नहीं पाया गया। परिजनों और ग्रामीणों ने भी इस घटना को लेकर किसी प्रकार का शक जाहिर नहीं किया है। प्रथम दृष्टया मामला मानसिक और आर्थिक तनाव से जुड़ा सुसाइड प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सीएचसी (CHC) अर्की में करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया है और हर पहलू से गहनता से जाँच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *