Home » Uncategorized » कविंद्र गुप्ता हिमाचल के राज्यपाल बने: शिव प्रताप शुक्ल तेलंगाना संभालेंगे, राष्ट्रपति कार्यालय ने देर रात आदेश जारी किए…

कविंद्र गुप्ता हिमाचल के राज्यपाल बने: शिव प्रताप शुक्ल तेलंगाना संभालेंगे, राष्ट्रपति कार्यालय ने देर रात आदेश जारी किए…

शिमला : हिमाचल प्रदेश में नए राज्यपाल की नियुक्ति की गई है. लद्दाख के उपराज्यपाल रहे कविंदर गुप्ता को प्रदेश का नया गर्वनर बनाया गया है. उधऱ, सूबे के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को तेलंगाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है. गुरुवार देर शाम को राष्ट्रपति की तरफ से आदेश जारी किए गए. कविंदर गुप्ता का राजनीतिक जीवन लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा रहा है. वे जम्मू कश्मीर की राजनीति में भी एक बड़ा नाम माने जाते हैं और राज्य के आखिरी उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं. जानकारी के अनुसार, कविंदर गुप्ता का जन्म 2 दिसंबर 1959 को जम्मू में हुआ था. उन्होंने 13 साल की उम्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सदस्यता ली और यहीं से उनके सार्वजनिक जीवन की शुरुआत हुई. आपातकाल के दौरान भी वे सक्रिय रहे और उस समय 13 महीने तक जेल में रहे. उस दौरान वे विश्व हिंदू परिषद की पंजाब इकाई से भी जुड़े रहे. राजनीति में सक्रिय रहते हुए कविंदर गुप्ता ने संगठन में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं. वे 1993 से 1998 तक जम्मू कश्मीर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के अध्यक्ष रहे. इसके अलावा वे जम्मू शहर के मेयर भी चुने गए और वर्ष 2005 से 2010 तक लगातार तीन बार इस पद पर रहे. वर्ष 2014 के जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में गांधीनगर सीट से चुनाव लड़ा और कांग्रेस के उम्मीदवार रमन भल्ला को हराकर विधायक बने. इसके बाद 19 मार्च 2015 को उन्हें जम्मू कश्मीर विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया और वे इस पद पर पहुंचने वाले भाजपा के पहले नेता बने. 30 अप्रैल 2018 को राज्य में हुए कैबिनेट फेरबदल के दौरान उन्हें जम्मू कश्मीर का उपमुख्यमंत्री बनाया गया. उन्होंने उस समय निर्मल कुमार सिंह का स्थान लिया था. हालांकि 19 जून 2018 को भाजपा की ओर से पीडीपी के साथ गठबंधन समाप्त करने के बाद उन्होंने शपथ लेने के 51 दिन बाद ही उपमुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. 65 वर्षीय कविंदर गुप्ता जम्मू कश्मीर भाजपा के वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं. उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है. धारा 370 हटने के बाद हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने स्वयं चुनाव नहीं लड़ा, लेकिन पार्टी की जीत के लिए सक्रिय रूप से काम किया. अब उन्हें हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है. मौजूदा राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल करीब तीन वर्ष तक हिमाचल के राज्यपाल रहे. उन्होंने ने 18 फरवरी 2023 को हिमाचल प्रदेश के 29वें राज्यपाल के रूप में शिमला में आयोजित समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ ली थी. उनका कुछ मुद्दों पर सुक्खू सरकार के साथ टकराव भी देखने को मिला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *