लाइव हिमाचल/सोलन : महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जटोली मंदिर (योगानन्द आश्रम) आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस वर्ष शूलिनी ऑटो रिक्शा यूनियन, सोलन ने शिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं को जटोली मंदिर तक पहुँचाने के लिए निशुल्क (Free) ऑटो सेवा प्रदान की जाएगी। यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि जटोली मंदिर समिति के आग्रह और जन-सेवा की भावना को देखते हुए यूनियन ने इस निशुल्क सेवा का निर्णय लिया है। यह सेवा जटोली मुख्य मंदिर से लेकर राजगढ़ रोड मुख्य मार्ग तक उपलब्ध रहेगी। निशुल्क ऑटो सेवा 15 फरवरी 2026 (रविवार) शाम 4:00 बजे से प्रारंभ होकर 16 फरवरी 2026 (सोमवार) शाम 4:00 बजे तक निरंतर जारी रहेगी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुगम यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए मंदिर प्रशासन और यूनियन के तालमेल से यह निर्णय लिया गया है कि शिवरात्रि के दिन आपातकालीन सेवाओं (Ambulance आदि) और चिह्नित ऑटो रिक्शा के अलावा किसी भी प्रकार के निजी या अन्य व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही उक्त मार्ग पर पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। यूनियन के प्रधान धर्मपाल ठाकुर ने कहा कि यूनियन के सभी सदस्य इस पुनीत कार्य में अपना सहयोग देने के लिए तत्पर हैं। मंदिर समिति ने इस पहल के लिए यूनियन प्रधान और समस्त सदस्यों का आभार व्यक्त किया है।




