लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ बना हुआ है. तेज धूप खिलने के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है. इससे लोग दिन में गर्मी महसूस कर रहे थे, लेकिन अब एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है. पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण एक बार फिर तीन दिन तक मौसम खराब बना रह सकता है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) 9 फरवरी से सक्रिय होगा, जो पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी लाएगा। इससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम खराब हो सकता है, जबकि मैदानी इलाकों में कोहरा और सर्द हवाएं परेशानी बढ़ाएंगी। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और बिहार जैसे राज्यों में आंशिक प्रभाव पड़ेगा, जहां सुबह-शाम ठंडक बढ़ेगी और कोहरा दृश्यता कम करेगा। मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। 10 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में घने कोहरे का असर बना रह सकता है। 9 फरवरी को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि 10 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा और अधिकतर स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है. इस दिन पश्चिमी विक्षोभ ज्यादा सक्रिय रहेगा. इसी दिन अंधड़ और आसमानी बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. कई स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. 11 फरवरी को लाहौल और चंबा में मौसम खराब रहने का अनुमान है, जबकि पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा. हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा. इस अवधि में राज्य के अधिकांश मौसम केंद्रों पर तापमान में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव दर्ज नहीं किया गया. न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य के आसपास ही बना रहा, हालांकि कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज हुआ. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान -14 से -2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में यह 0 से 9 डिग्री सेल्सियस और निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में 4 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया।





