दिल्ली : अमेरिका ने भारत को संकेत दिए हैं कि वह रूस के बजाय वेनेजुएला से कच्चा तेल खरीद सकता है, लेकिन यह छूट पूरी तरह वॉशिंगटन के नियंत्रण में होगी. व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने साफ कहा है कि भारत को वेनेजुएला से तेल खरीदने की अनुमति दी जा सकती है, हालांकि इसकी शर्तें और संचालन का ढांचा अभी तय किया जा रहा है. यह पेशकश ऐसे समय आई है, जब भारत पर रूस से तेल आयात को लेकर दबाव बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि वेनेजुएला का तेल बाजार में लौट सकता है, लेकिन उसे सीधे वेनेजुएला नहीं बेचेगा. अमेरिकी ऊर्जा मंत्री क्रिस्टोफर राइट के मुताबिक, वेनेजुएला का तेल अमेरिका की निगरानी में बेचा जाएगा और उसकी कमाई नियंत्रित खातों में जाएगी. यानी तेल की सप्लाई भले ही खुले, लेकिन उसकी कीमत, खरीदार और पैसा- सब पर अमेरिका की पकड़ रहेगी. अमेरिका 30 से 50 मिलियन बैरल तेल को पहले चरण में बाजार में उतारने की तैयारी में है.
भारत के लिए क्यों अहम है वेनेजुएला का तेल
अमेरिकी प्रतिबंधों से पहले भारत वेनेजुएला के सबसे बड़े ग्राहकों में शामिल था. वेनेजुएला का भारी कच्चा तेल भारत की जटिल रिफाइनरियों के लिए बेहद उपयुक्त माना जाता है. अगर दोबारा सप्लाई शुरू होती है, तो भारत को ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाने में मदद मिल सकती है. बढ़ती घरेलू मांग और रिफाइनरी क्षमता विस्तार के बीच यह भारत के लिए राहत की खबर हो सकती है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला को लेकर बड़े बदलाव की रूपरेखा पेश की है. उन्होंने कहा है कि अमेरिका 50 मिलियन बैरल तक वेनेजुएला के तेल को रिफाइन कर बेचेगा. साथ ही, वेनेजुएला के तेल क्षेत्र को दोबारा खड़ा करने के लिए करीब 100 अरब डॉलर के निवेश की योजना है. हालांकि ट्रंप ने साफ किया कि किन कंपनियों को निवेश की इजाजत मिलेगी, इसका फैसला भी वॉशिंगटन ही करेगा. विशेषज्ञों का मानना है कि यह पेशकश भारत के लिए मौके और जोखिम दोनों लेकर आती है. एक तरफ भारत को रूस पर निर्भरता घटाने का विकल्प मिल सकता है, वहीं दूसरी ओर वेनेजुएला के तेल की चाबी अमेरिका के हाथ में रहने से नई रणनीतिक निर्भरता भी पैदा हो सकती है. फिलहाल वेनेजुएला के पास लाखों बैरल तेल भंडारण में फंसा हुआ है. अगर भारत को अमेरिकी निगरानी में इस तेल तक पहुंच मिलती है, तो यह वैश्विक तेल व्यापार की दिशा बदलने वाला कदम साबित हो सकता है।





