शिमला: हमीरपुर सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट के संस्थापक एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा तथा ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक राणा ने आज राजभवन शिमला में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से भेंट की और उन्हें सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा हर साल 15 जनवरी के दिन सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान में मनाए जाने वाले सेना दिवस समारोह के साथ-साथ ट्रस्ट के सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने राज्यपाल को बताया कि सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट पिछले कई वर्षों से 15 जनवरी को सेना दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन करता आ रहा है जिसमें बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, पूर्व सैन्य अधिकारी तथा हजारों स्थानीय नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष सेना दिवस के इस आयोजन के साथ ट्रस्ट का वार्षिक समारोह भी जोड़ा गया है जिसमें प्रदेश और देश की विशिष्ट विभूतियों को “शान ए हिमाचल” एवं “शान-ए हिंद” पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।





