शिमला: विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल लाइन पर अब तारादेवी के पास सभी ट्रेनों के लिए स्टॉपेज बना दिया है। ऐसे में लोगों को जाम से निजात मिलेगी और लोग शिमला जल्दी पहुंच जाया करेंगे। तारादेवी से शिमला के बीच रोजाना आवाजाही करने वाले हजारों लोगों को नए साल से बड़ी राहत मिलने जा रही है। रोजाना सुबह शाम लंबे यातायात जाम में फंसने वाले लोग तारादेवी से अब ट्रेन से सीधे शिमला पहुंच जाएंगे। इसके लिए रेलवे ने विश्व धरोहर कालका–शिमला रेल लाइन पर अब तारादेवी के पास सभी ट्रेनों के लिए स्टॉपेज बना दिया है। इस ट्रैक पर चलने वाली सभी ट्रेनों को अब तारादेवी स्टेशन पर रुकना अनिवार्य होगा। स्थानीय लोग लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। अब इन्हें नए साल से इसकी सुविधा मिलने जा रही है। इससे न सिर्फ स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। अब तक कालका–शिमला रेल लाइन पर चलने वाली कुल छह ट्रेनों में से दो ट्रेनों का ही तारादेवी स्टेशन पर स्टॉपेज था। इसमें ट्रेन नंबर 52453 और 52457 कालका से शिमला की ओर जाते हुए रुकती थी। वहीं 52454 और 52458 नंबर ट्रेन शिमला से कालका की ओर जाते हुए यहां रुकती थीं। बाकी ट्रेन कालका-शिमला एक्सप्रेस, शिवालिक एक्सप्रेस, हिमालयन क्वीन तारादेवी स्टेशन पर नहीं रुकती थीं। इस वजह से तारादेवी, जतोग, शोघी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इन दिनों यातायात जाम से भी लोग परेशान हैं। ऐसे में लोग रेलवे से इस स्टॉपेज को शुरू करने की मांग उठा रहे थे।





