शिमला: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रही सरकार ने मात्र तीन वर्षों में हिमाचल प्रदेश को ऐसे हालात में पहुंचा दिया है, जहां से वापसी बेहद कठिन दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि विकास पूरी तरह ठप है, जबकि कर्ज, टैक्स और महंगाई का बोझ आम जनता पर लगातार थोपा जा रहा है। डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने तीन साल में लगभग 45,000 करोड़ रुपये का कर्ज लेकर जनता की जेब पर सीधा डाका डाला है। कर्ज की सीमा समाप्त होने के बाद भी लिमिट बढ़वाकर फिर से कर्ज लेना सरकार की आर्थिक दिवालियापन की मानसिकता को दर्शाता है। इसके बावजूद प्रदेश में न तो नए विकास कार्य हो रहे हैं और न ही अधूरे काम पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी के किराए कई गुना बढ़ा दिए गए हैं, सैकड़ों बस रूट पहले ही बंद किए जा चुके हैं और अब लगभग 500 और रूट बंद करने की तैयारी है। महिलाओं को मिलने वाली यात्रा राहत समाप्त कर दी गई है, जिससे ग्रामीण और गरीब वर्ग को निजी साधनों पर निर्भर होना पड़ रहा है और उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बिजली, पानी, सीमेंट और रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों में भारी बढ़ोतरी कर दी है। 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा छलावा साबित हुआ और बिजली दरों में 46 प्रतिशत तक की वृद्धि कर दी गई। पहले जिन घरों में शून्य बिजली बिल आता था, आज वहां हजारों रुपये के बिल थमाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य व्यवस्था पर हमला करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि आयुष्मान भारत और हिमकेयर जैसी योजनाओं को लगभग बंद कर दिया गया है। अस्पतालों में दवाइयों की कमी है, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ नहीं मिल रहा और मरीज इलाज के लिए भटक रहे हैं। यह सरकार के पूर्ण व्यवस्था पतन का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को सड़कों, पेयजल, फोरलेन, टनल, रेलवे, आवास, मुफ्त राशन और आपदा राहत के रूप में लगभग 6,000 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी है। इसके बावजूद आपदा प्रभावित परिवार आज भी बेघर हैं। राहत वितरण में भाई-भतीजावाद और बंदरबांट हो रही है। हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा जारी 601 करोड़ रुपये की सहायता के लिए डॉ. बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया और मांग की कि यह राशि तुरंत ज़मीनी स्तर पर पहुंचे। कांग्रेस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आंदोलन की घोषणा पर पलटवार करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार ने ग्रामीण रोजगार के लिए मनरेगा से कहीं बेहतर नई योजना शुरू की है, जिसमें 125 दिन का अनिवार्य रोजगार सुनिश्चित किया गया है। इसे केवल नाम बदलने का आरोप लगाना कांग्रेस की झूठी राजनीति को दर्शाता है। उन्होंने कांग्रेस पर राम और सनातन विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए कहा कि ‘जी राम जी’ योजना के नाम से ही कांग्रेस बौखला गई है, क्योंकि वह दशकों से राम और सनातन संस्कृति का विरोध करती आई है। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आज महंगाई, बेरोजगारी, अव्यवस्था और अराजकता का माहौल है और इसके लिए पूरी तरह से कांग्रेस सरकार जिम्मेदार है। जनता अब सब देख रही है और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी।
नाचन में भाजपा पदाधिकारियों ने 601 करोड़ आपदा राहत के लिए मोदी सरकार का जताया आभार
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भाजपा संगठनात्मक जिला सुंदरनगर के नाचन मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित संगठनात्मक बैठक में भाग लिया। बैठक में संगठन के विभिन्न विषयों पर गहन मंथन किया गया तथा संगठन के विस्तार और मजबूती को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर नाचन के विधायक विनोद कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, सुंदरनगर प्रभारी तिलक शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, जिला सुंदरनगर के अध्यक्ष हिरा लाल, नाचन मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस बैठक के दौरान केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश के लिए आपदा राहत हेतु 601 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने पर सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आभार व्यक्त किया। डॉ. बिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार आपदा की हर घड़ी में हिमाचल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रही है। डॉ. राजीव बिंदल ने कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि संगठन के प्रति आप सभी का समर्पण भाजपा को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करता है।
उन्होंने बैठक के सफल आयोजन और स्वागत-अभिनंदन के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त किया।
सुंदरनगर में कार्यकर्ताओं के साथ डॉ. राजीव बिंदल ने सुना प्रधानमंत्री मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम
सुंदरनगर, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज भाजपा संगठनात्मक जिला सुंदरनगर में कार्यकर्ताओं के साथ यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय जनसंवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना।
इस अवसर पर डॉ. बिंदल ने कहा कि ‘मन की बात’ के 129वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2025 में भारत द्वारा हासिल की गई महत्वपूर्ण उपलब्धियों के साथ-साथ देश की समृद्ध भाषा, संस्कृति, कला और विरासत से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए। प्रधानमंत्री का यह संवाद देशवासियों को आत्मगौरव और सकारात्मक ऊर्जा से भरने वाला रहा। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता से सीधे संवाद का ऐसा मंच है, जो देश की आंतरिक भावनाओं, उपलब्धियों और संकल्पों को प्रभावी रूप से अभिव्यक्त करता है। यह कार्यक्रम समाज के हर वर्ग को जोड़ने और राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करने का कार्य करता है।





