Home » Uncategorized » Himachal Cabinet Meeting: हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आज, इस मुद्दों पर लग सकती है मुहर…

Himachal Cabinet Meeting: हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आज, इस मुद्दों पर लग सकती है मुहर…

शिमला: हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक मंगलवार सुबह 11 बजे सचिवालय में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होगी। बैठक में राज्य के सीबीएसई पैटर्न पर संचालित सरकारी स्कूलों से जुड़े नियमों को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। लंबे समय से लंबित इन नियमों को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से तैयार प्रस्ताव को मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा। जिस पर चर्चा के बाद मंजूरी दी जा सकती है। बैठक में सीबीएसई स्कूलों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों के लिए अलग कैडर बनाने पर फैसला लिया जा सकता है। इससे न केवल शिक्षकों की नियुक्ति और पदोन्नति प्रक्रिया स्पष्ट होगी, बल्कि सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुरूप शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी। शिक्षकों की योग्यता, प्रशिक्षण और कार्यशैली को ध्यान में रखते हुए यह कैडर तैयार किया जाएगा। बैठक में सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थियों की वर्दी और स्कूल परिसरों के रंग को लेकर भी निर्णय संभव है। बैठक में नए साल में विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए भर्तियों से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी। स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण, जल शक्ति सहित कई विभागों में खाली पड़े पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने की योजना है। इसके अलावा बैठक में राज्य से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विकासात्मक और प्रशासनिक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *