शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला के आईजीएमसपी अस्पताल के डॉक्टर राघव नरूला को सरकार ने उनके पद से हटाने के बाद अब उनके सेवाएं भी टर्मिनेट कर दी हैं. सरकार ने उनका कॉन्ट्रेक्ट रद्द कर दिया है. वहीं, पूरे मामले में सरकार के सख्त एक्शन के बाद सीएम सुक्खू ने भी प्रतिक्रिया दी है. इससे पहले, सीएम ने पीड़ित परिवार के मुलाकात के अलावा, स्वास्थ्य मंत्री औऱ विभाग के अधिकारियों से भी मीटिंग की थी. शिमला में अटल बिहारी वाजपेई की जयंती पर उन्हें रिज मैदान पर नमन करने के बाद सीएम सुक्खू ने इस विवाद पर कहा कि निश्चित तौर पर डॉक्टर ने गलत किया था और अब जांच रिपोर्ट आने के बाद सरकार ने करवाई की. किन हालत में डॉक्टर ने यह वारदात की, शुरू में वो मैं समझ नहीं पाया, फिर मैंने रिपोर्ट देखी. उसके बात मैंने कहा कि डॉक्टर के पास कोई भी शख्स यह सोचकर आता है कि वह भगवान है और वह मेरा अच्छा इलाज करेंगे. रिपोर्ट में सामने आया है कि पेशेंट केवल वार्ड में आराम करने आया था. आईजीएमसी से मिली रिपोर्ट पर भी हमने कार्रवाई की. सीएम ने कहा कि डॉक्टरों की एसोसिएशन की बात भी सुनी जाएगी और सभी पक्ष सुने जाएंगे. सीएम ने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी. वहीं, मरीज के साथ कितने अटेंडेंट अस्पताल में आ सकते हैं, इस पर भी फैसला लिया जाएगा। गौरतलब है कि 22 दिसंबर को सीएम ने दिल्ली से लौटते ही शिमला में स्वास्थ्य मंत्री समेत विभाग के अधिकारियों से मीटिंग की थी. सीएम से जांच रिपोर्ट के लिए तीन दिन का वक्त मांगा गया था लेकिन उन्होंने 24 घंटे की मोहल्लत दी थी. अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सरकार ने डॉक्टर को नौकरी से निकाल दिया है. अहम बात है कि पीड़ित मरीज के परिजनों और ग्रामीणों ने सीएम से मुलाकात कर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।





