Home » Uncategorized » हिमाचल में बालिका आश्रम से दो छात्राएं भागीं:शिमला पुलिस ने पकड़ा, रात में पठानकोट पहुंची…

हिमाचल में बालिका आश्रम से दो छात्राएं भागीं:शिमला पुलिस ने पकड़ा, रात में पठानकोट पहुंची…

कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के पुलिस जिला देहरा स्थित गरली बालिका आश्रम से लापता हुई दो नाबालिग छात्राओं को शिमला पुलिस ने सुरक्षित डिटेन कर लिया है. औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों छात्राओं को देहरा पुलिस के हवाले किया गया है. छात्राओं की उम्र क्रमशः करीब साढ़े 17 वर्ष और 16 वर्ष बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, गरली बालिका आश्रम में रहने वाली लगभग 20 छात्राएं मंगलवार को स्कूल से पढ़ाई के बाद दोपहर करीब तीन बजे आश्रम लौट रही थीं. इस दौरान आश्रम का केयरटेकर भी उनके साथ था. रास्ते में दो छात्राएं अचानक गायब हो गईं. छात्राओं के लापता होने की जानकारी मिलते ही आश्रम प्रबंधन में हड़कंप मच गया.आश्रम प्रबंधन ने तुरंत रक्कड़ पुलिस थाना को सूचना दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्राओं की तलाश शुरू की. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों छात्राएं अपनी मर्जी से आश्रम से निकली थीं. पुलिस जांच में पता चला कि स्कूल से निकलने के बाद दोनों छात्राएं पहले पंजाब के पठानकोट पहुंचीं. वहां से रात करीब 9:30 बजे पठानकोट-शिमला बस में सवार हो गईं. बस यात्रा के दौरान छात्राओं ने कंडक्टर के मोबाइल फोन से किसी व्यक्ति को कॉल किया. यही कॉल पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई. कॉल की लोकेशन के आधार पर रक्कड़ पुलिस ने छात्राओं की मूवमेंट को ट्रेस किया और रातभर निगरानी रखी. इसके बाद बुधवार सुबह शिमला के बालूगंज क्षेत्र में दोनों छात्राओं को सुरक्षित डिटेन कर लिया गया. इस घटना की पुष्टि पुलिस जिला देहरा के एसपी मयंक चौधरी ने की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों छात्राओं के माता-पिता नहीं हैं और वे गरली स्थित बालिका आश्रम में रह रही थीं. जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों लड़कियां पहले भी एक बार आश्रम से भाग चुकी हैं, जिसको लेकर रक्कड़ थाना में मामला दर्ज है.इसी पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस ने पहले से संदिग्ध संपर्कों और मोबाइल नंबरों को ट्रेसिंग पर रखा था, जिससे इस बार छात्राओं को समय रहते ढूंढने में सफलता मिली. पुलिस अब छात्राओं को कांगड़ा लाकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Comment