Home » Uncategorized » आज रात से बंद रहेंगी 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं…

आज रात से बंद रहेंगी 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं…

शिमला: हिमाचल प्रदेश में गुरुवार रात 8:00 बजे से 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल 27 दिसंबर की रात 8:00 बजे तक तक जारी रहेगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने हड़ताल को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। मरीजों को परेशानी न हो, इसके चलते अपनी एंबुलेंस चलाने को कहा है। वहीं, 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारियों का कहना है कि एनएचएम की ओर से उनकी लंबित मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है और प्रशासन कंपनी के हित में काम कर रहा है। सीटू के बैनर तले यह हड़ताल होगी। सीटू नेता विजेंद्र मेहरा ने बताया कि प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने के बजाय उन्हें एस्मा एक्ट 1972 लगाने की धमकी देकर दबाने का प्रयास कर रहा है। यूनियन नेताओं ने कहा कि एंबुलेंस सेवा का टेंडर सरकार और प्रशासन ने कंपनी को दिया है। इसके बावजूद जब कर्मचारी कंपनी की ओर से किए जा रहे शोषण की शिकायत लेकर प्रशासन के पास जाते हैं तो वहां से यह कहकर पल्ला झाड़ लिया जाता है कि आप हमारे कर्मचारी नहीं हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि अब वही प्रशासन कंपनी को बचाने के लिए कर्मचारियों पर एस्मा एक्ट लगाने की बात कर रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखीं, प्रशासन के समक्ष गुहार लगाई और कंपनी के शोषण से अवगत भी कराया, लेकिन हर बार उनकी अनदेखी की गई।

स्वास्थ्य मंत्री ने लिया मामले का संज्ञान

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि सरकार ने पूरे मामले का संज्ञान लिया है. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो.

कंपनी का सख्त आदेश, छुट्टी नहीं मिलेगी

एंबुलेंस सेवाओं का संचालन करने वाली मेड्सवान फाउंडेशन ने 20 दिसंबर को आदेश जारी कर साफ किया है कि 108 और 102 सेवाएं पब्लिक यूटिलिटी सर्विस हैं. 25 से 27 दिसंबर तक सभी कर्मचारियों की ड्यूटी अनिवार्य रहेगी. बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वालों को अनुपस्थित और बिना वेतन माना जाएगा.

करीब 1300 चालक संभालते हैं सेवाएं

बता दें कि प्रदेश में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं का संचालन करीब 1300 चालक और तकनीकी कर्मचारी करते हैं. हड़ताल की स्थिति में प्रदेश भर में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर सीधा असर पड़ सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *