
मंडी : हिमाचल प्रदेश सरकार के तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर मंडी में आयोजित जनसंकल्प सम्मेलन में वीरभद्र परिवार शामिल नहीं हुआ। हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह व पुत्र कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह दोनों ने कार्यक्रम में से दूरी बनाई। वीरवार को मंडी में सरकार का भव्य कार्यक्रम हुआ, लेकिन कैबिनेट मंत्री और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के इसमें शामिल न होने से कई तरह की चर्चाएं भी तेज हो गईं। अंदरखाते यह भी चर्चा हो रही है कि क्या वीरभद्र परिवार नाराज है। नया कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से यह चर्चा चल रही है। इस बीच कार्यक्रम से एक दिन पहले निजी दौरे पर चले जाने से कई तरह की बातें चल रही हैं। दरअसल, कार्यक्रम से पहले बुधवार को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह परिवार सहित निजी विदेश दौरे चले गए हैं। उनके साथ पत्नी डा. अमरीन कौर और माता एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह भी गई हैं। विदेश दौरे पर जाने से पहले उन्होंने परिवार सहित कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से भी मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि दिल्ली में सोनिया गांधी के साथ प्रतिभा और विक्रमादितय सिंह की लंबी बात हुई है। इनके बीच में हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक माहौल व भविष्य की रणनीति को लेकर चर्चा हुई।





