Home » Uncategorized » हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू, बादल छाने से बढ़ी ठंड, 5 जिलों में दो दिन बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान

हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू, बादल छाने से बढ़ी ठंड, 5 जिलों में दो दिन बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान

शिमला: हिमाचल प्रदेश में माैसम करवट बदल सकता है। राज्य के कुछ भागों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। प्रदेश में बरसात में भारी बारिश के बाद अब सूखे जैसे हालात हो गए हैं। नवंबर महीना इस बार पूरी तरह सूखा बीत गया है। राज्य के सात जिलों में पूरे महीने न के बराबर बारिश हुई है। इससे रबी फसलों की बुआई प्रभावित हो गई है। बागवानी पर भी इसका असर पड़ रहा है। ऐसे में बारिश-बर्फबारी होने से सूखे से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार नवंबर में सामान्य तौर पर हिमाचल के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश होती रही है, लेकिन इस बार हालात बिल्कुल विपरीत रहे। नवंबर में चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सोलन जिलों में न के बराबर बारिश हुई है। सिरमौर में माइनस 100 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। यहां पूरे महीने एक भी बूंद नहीं बरसी है। चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और शिमला में 99 फीसदी कम बारिश हुई है। नवंबर के दौरान प्रदेशभर में सामान्य से 95 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई। इस अवधि में 19.7 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है। इस साल सिर्फ एक मिलीमीटर बारिश ही हुई।

पांच जिलों में हो सकता है वर्षा व हिमपात

हिमालयी क्षेत्रों में हल्का हिमपात हुआ है। 4 व 5 को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस कारण पांच जिलों में इसका कुछ असर रहेगा। जिसके कारण चंबा, किन्नौर, लाहुल-स्पीति, कांगड़ा व कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात हो सकता है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पूरे 1, 4 और 5 दिसंबर को मध्य और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। सप्ताह के बाकी दिनों में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रियता से माैसम में यह बदलाव आ सकता है। आज उच्च पर्वतीय एक-दो स्थानों पर बारिश-बर्फबारी हो सकती है। विभाग के अनुसार चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नाैर व लाहाैल-स्पीति जिले के कुछ स्थानों पर बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 6 दिसंबर से माैसम फिर साफ रहने के आसार हैं। वहीं सुबह और देर रात के समय कुछ जगहों पर घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज सुबह से शिमला सहित आसपास भागों में भी हल्के बादल छाए हुए हैं।

कहां कितना न्यूनतम तापमान

सूखी ठंड से पर्वतीय क्षेत्रों में लोग परेशान है। खासकर लाहौल के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे आने से नदी-नालों व झरनों का पानी जमने लगा है। शिमला में न्यूनतम तापमान 9.0, सुंदरनगर 5.6, भुंतर 4.9, कल्पा 2.5, धर्मशाला 7.1, ऊना 6.7, नाहन 10.7, पालमपुर 6.0, ऊना 3.8, मनाली 6.3, कांगड़ा 7.2, मंडी 4.6, बिलासपुर 8.3, हमीरपुर 6.9, जुब्बड़हट्टी 9.8, कुफरी 10.4, कुकुमसेरी -3.8, नारकंडा 9.0, भरमाैर 8.0, रिकांगपिओ 4.5, सेऊबाग 2.5, बरठीं 5.9, पांवटा साहिब 10.0, सराहन 5.0, देहरा गोपीपुर 7.0, ताबो -5.2 व बजाैरा में 5.3  डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]