शिमला: कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति पर बहुप्रतीक्षित फैसला लेने के बाद अब जल्द ही राज्य विधानसभा उपाध्यक्ष की नियुक्ति होगी। इसके बाद राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। यानी जल्दी दो विधायकों की फिर ताजपोशी होने वाली है। नए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने नियुक्ति से पहले विधानसभा उपाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दिया है तो यह पद रिक्त हो गया है। कैबिनेट मंत्री का तो एक पद पहले से ही खाली चल रहा है। सुक्खू सरकार के तीन साल पूरा होने से पहले विधानसभा उपाध्यक्ष की नियुक्ति हो सकती है। यह आगामी दिनों में कभी भी की जा सकती है तो दूसरी नियुक्ति सुक्खू सरकार के तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के दौरान या इसके बाद करने की तैयारी है। शिमला संसदीय क्षेत्र के सिरमौर जिले की रेणुका विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक विनय कुमार विधानसभा उपाध्यक्ष थे। वह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बन गए हैं। इससे विधानसभा उपाध्यक्ष का पद खाली होने के बाद अब यह पहेली बूझी जा रही है कि क्या विधानसभा के शीत सत्र से पहले रिक्त हुए इस पद को भरा जाएगा या उसके बाद ही इस पर निर्णय होगा। समय कम है, धर्मशाला के तपोवन में इसी बुधवार से राज्य विधानसभा का शीत सत्र शुरू होने जा रहा है। ऐसे में संभवतया यह नियुक्ति सत्र के बीच में या इसके बाद भी की जा सकती है। सुक्खू सरकार के सत्ता में आने के बाद भी काफी वक्त तक विधानसभा उपाध्यक्ष का पद खाली रह चुका है। इतना तय माना जा रहा है कि यह नियुक्ति मंत्रिमंडल विस्तार से पहले की जा सकती है। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि उनकी रविवार को नव नियुक्त अध्यक्ष विनय कुमार से रविवार को भेंट हुई। सीएम ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी कमेटी विनय कुमार के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों पर जाएगी। वहीं कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने रविवार को ओकओवर शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की। विनय सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में कार्यभार संभालेंगे। विनय कुमार को शनिवार को कांग्रेस हाईकमान ने अध्यक्ष बनाया है।





