Home » Uncategorized » Tejas Crash News: यूट्यूब पर एयर शो का वीडियो सर्च कर रहे थे पिता, तभी मिली तेजस क्रैश की दर्दनाक खबर…

Tejas Crash News: यूट्यूब पर एयर शो का वीडियो सर्च कर रहे थे पिता, तभी मिली तेजस क्रैश की दर्दनाक खबर…

Oplus_131072

धर्मशाला: दुबई में एयर शो के दौरान शुक्रवार को हुए तेजस फाइटर जेट हादसे में भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर नमन स्याल शहीद हो गए. इस हादसे की सूचना उनके पिता को सबसे पहले यूट्यूब के जरिये मिली. नमन के पिता जगन नाथ स्याल हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के रहने वाले हैं. वह एयर शो के वीडियो देखने के लिए यूट्यूब स्क्रॉल कर रहे थे, तभी उन्हें तेजस क्रैश की खबर दिखी और उनकी दुनिया पलभर में बदल गई. जगन नाथ स्याल एक रिटायर्ड स्कूल प्रिंसिपल हैं. जानकारी के मुताबिक उन्होंने बताया कि ‘कल ही नमन से बात हुई थी. उसने कहा था कि मेरी परफॉर्मेंस टीवी या यूट्यूब पर देखना. आज शाम करीब 4 बजे जब मैं वीडियो ढूंढ रहा था तब क्रैश की खबर दिखाई दी. मैंने तुरंत बहू को फोन किया, जो खुद भी विंग कमांडर है. कुछ ही देर बाद छह वायुसेना अधिकारी घर पहुंचे और मुझे समझ आ गया कि मेरे बेटे के साथ कुछ बहुत बुरा हो गया है। परिवार इस समय कोयंबटूर में है, जहां नमन का घर है. नमन की पत्नी कोलकाता में ट्रेनिंग कर रही हैं और माता-पिता दो हफ्ते से कोयंबटूर में अपनी 7 वर्षीय पोती आर्या की देखभाल कर रहे थे. नमन की प्राइमरी शिक्षा डलहौजी, आर्मी पब्लिक स्कूल, योल कैंट धर्मशाला और सैनिक स्कूल सुजानपुर तीरा से हुई. NDA पास करने के बाद 2009 में वे वायुसेना में शामिल हुए. उनके पिता कहते हैं, ‘वह पढ़ाई में बहुत तेज था और बड़े सपने देखने वाला बच्चा था. उसकी शहादत ने हमें पूरी तरह तोड़ दिया है। नमन की मां वीना स्याल सदमे में हैं और बोलने की स्थिति में नहीं हैं. पिता के अनुसार, अधिकारियों से अमर जवान के पार्थिव शरीर लाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने संकेत दिया कि प्रक्रिया में करीब दो दिन लग सकते हैं. हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा, ‘दुबई एयर शो में तेजस विमान हादसे में हिमाचल के वीर सपूत नमन स्याल की शहादत बेहद पीड़ादायक है. देश ने एक साहसी, कर्तव्यनिष्ठ और वीर योद्धा खो दिया. मैं इस बहादुर बेटे के अदम्य साहस और राष्ट्र सेवा को नमन करता हूं।कांगड़ा के डिप्टी कमिश्नर हेमराज बैरवा के अनुसार, प्रशासन नमन के परिवार के संपर्क में है और स्थानीय प्रशासन उसकी सभी औपचारिकताओं में सहयोग कर रहा है. देश एक बार फिर अपने वीर सपूत के बलिदान पर शोक में है, लेकिन विंग कमांडर नमन स्याल की वीरता और अदम्य साहस हमेशा राष्ट्र की स्मृतियों में अमर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *