शिमला : हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर चल रहे टकराव के बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने एक नया आदेश जारी किया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायती राज चुनाव के लिए आवश्यक चुनाव सामग्री और बैलेट पेपर की आपूर्ति के लिए तय की गई तिथियों में बदलाव करते हुए नया शेड्यूल जारी किया है। इस संबंध में आयोग ने 22 नवंबर की अधिसूचना के माध्यम से सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों (पंचायत) एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को सूचना भेजी है। आयोग ने 10 नवंबर को जारी पूर्व पत्र का हवाला देते हुए बताया कि विभिन्न जिलों के अधिकारियों को अब संशोधित तिथियों के अनुसार शिमला स्थित प्रिंटिंग एंड स्टेशनरी विभाग से सामग्री प्राप्त करनी होगी। अधिसूचना के अनुसार, सभी जिलों को सरकार के वाहनों से सामग्री लाने और पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। यह भी कहा गया है कि बैलेट पेपर अत्यंत संवेदनशील सामग्री है, जिसे सुरक्षित रखकर ढोया जाएगा और इसका खर्च आयोग वहन करेगा। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे प्रिंटिंग एंड स्टेशनरी विभाग, शिमला-5 में सुबह 10 बजे तक पहुंचें और सामग्री प्राप्त कर उचित सुरक्षा में अपने-अपने जिलों के लिए ले जाएं।
चुनाव सामग्री व बैलेट पेपर प्राप्त करने का संशोधित शेड्यूल
24 नवंबर को केलंग, काजा, किन्नौर व कुल्लू, 25 नवंबर को सिरमौर और ऊना, 26 नवंबर को शिमला, 27 को कांगड़ा, 28 को मंडी, 29 नवंबर को सोलन व चंबा और पहली दिसंबर को बिलासपुर व हमीरपुर के जिला निर्वाचन अधिकारियों को चुनाव सामग्री ले जानी होगी।





