Home » Uncategorized » मंडी में खड्ड के बीच बनाए वैकल्पिक मार्ग पर पलटी बोलेरो गाड़ी…

मंडी में खड्ड के बीच बनाए वैकल्पिक मार्ग पर पलटी बोलेरो गाड़ी…

मंडी : जिला मंडी में शनिवार को पंडोह-कशोड मार्ग पर चल रही बोलेरो टैक्सी बाखली खड्ड में पलट गई। गाड़ी में कुल छह लोग सवार थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के समय बोलेरो बाखली खड्ड में बने अस्थायी वैकल्पिक मार्ग से गुजर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खड्ड में पानी का स्तर करीब तीन फीट तक बढ़ा हुआ था और इसी दौरान कलवर्ट के ऊपर से गुजरते समय चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बोलेरो पलट गई।गनीमत रही कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया और सभी सवारियों को बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि यह वैकल्पिक मार्ग गांववासियों ने अपनी मेहनत और सहयोग से तैयार किया था, ताकि आवाजाही बनी रहे। लेकिन लगातार बारिश और पानी के तेज बहाव के कारण यह रास्ता अब बेहद जर्जर हो चुका है। वाहनों का गुजरना यहां जोखिम भरा हो गया है। लोगों का कहना है कि जब तक बाखली खड्ड पर स्थायी पुल का निर्माण नहीं किया जाता, तब तक ऐसे हादसों की आशंका बनी रहेगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्थायी पुल निर्माण की मांग की है ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। फिलहाल सभी सवारियां सुरक्षित हैं, लेकिन यह हादसा प्रशासन के लिए चेतावनी साबित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *