Home » Uncategorized » अनुराग ठाकुर का सीएम सुक्खू पर पलटवार, कहा – “हम पांच पांडव हैं, जो कौरवों पर भारी पड़ेंगे…

अनुराग ठाकुर का सीएम सुक्खू पर पलटवार, कहा – “हम पांच पांडव हैं, जो कौरवों पर भारी पड़ेंगे…

लाइव हिमाचल/शिमला: राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर एक वर्ष तक चलने वाले स्मरणोत्सव के शुभारंभ पर भाजपा की ओर से शिमला में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग सिंह ठाकुर व सांसद सुरेश कश्यप माैजूद रहे। इस दाैरान उपस्थित लोगों की ओर से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया।  इस माैके पर सांसद अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री की ओर से बार-बार दिए जाने वाले बयान कि भाजपा पांच गुटों में बंटी है, को लेकर पलटवार किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि हम पांच पांडव हैं, जो कौरवों पर भारी पड़ेंगे। अनुराग ठाकुर ने बिहार चुनाव में एनडीए की जीत का दावा किया। कहा कि डबल इंजन की सरकार ने बिहार में विकास को नई ऊंचाइयों को छुआ। बिहार की जनता विकास की रफ्तार को थमने नहीं देगी। बिहार की बेहतरी के लिए एनडीए की सरकार बनेगी। अनुराग ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले तीन वर्षों में आपदा में दिल खोलकर हिमाचल की मदद की। 93 हजार मकान किए, हजारों करोड़ सड़कों को दिए। प्रदेश सरकार इस राशि को खर्च करने में विफल रही, लेकिन केंद्र से मदद में कोई कमी नहीं रही। वहीं जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी का पिछले 12 महीने से प्रदेश अध्यक्ष के अलावा कोई यूनिट है ही नहीं। न प्रदेश, न जिला ही कार्यकारिणी है। भाजपा का मजबूत नेतृत्व आज इस कदर है कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। नरेंद्र मोदी हमारे नेता हैं, जेपी नड्डा अध्यक्ष हैं। अमित शाह के मार्गदर्शन में पार्टी एकजुट है। उन्होंने पीएम का आभार जताया कि बाह्य सहायता प्रोजेक्ट में अनुदान का अनुपात 90:10 किया। विधायक मामले पर कहा कि जांच की प्रक्रिया चल रही है, देखेंगे कि आगे क्या होगा।

दरअसल, 17 सितंबर को जब सांसद कंगना रनोट मंडी पहुंची थीं तो मीडिया ने उनसे सीएम चेहरा होने का सवाल पूछा था। इस पर कंगना ने कहा, मुझे जिस काम में लगाया जाएगा, जो काम मुझे दिया जाएगा, वह मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से पूरा करने की कैपेबिलिटी रखती हूं। वह हरेक जिम्मेदारी को निभाने के लिए वह पूर्ण रूप से सक्षम हैं।

अनुराग ठाकुर के मुख्यमंत्री बनने के लगे नारे

कंगना के इस दावे के कुछ दिन बाद मंडी में ही अनुराग ठाकुर समर्थकों ने ‘हिमाचल का मुख्यमंत्री कैसा हो, अनुराग ठाकुर जैसा हो’, नारे लगाए। इस पर हिमाचल के पूर्व सीएम जयराम ठाकुर भड़क उठे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा- बीजेपी में सीएम चेहरा हाईकमान तय करता है। जयराम ठाकुर द्वारा जनसभा में तीखे शब्दों में पलटवार के बाद हिमाचल भाजपा में अंदरूनी कहल खुलकर सामने आई थी। इसके बाद, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा- भाजपा पांच गुटों में बंटी हुई है। एक गुट जयराम, दूसरा जेपी नड्डा, तीसरा अनुराग ठाकुर, चौथा बिंदल और पांच गुट कांग्रेस से भाजपा में गए नेताओं का है। इस पर आज अनुराग ने इन पांच गुटों के नेताओं को कौरव बताते हुए कांग्रेस पर भारी पड़ने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]