Bihar Chunav First Phase Voting LIVE Updates: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए वोटिंग 7 बजे से शुरू हो गई है. 18 जिलों के 121 विधानसभा सीटों पर दोपहर 1 बजे तक 42.31 प्रतिशत मतदान हुआ है. आरजेडी समर्थकों ने उपमुख्यमंत्री और लखीसराय से बीजेपी उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा की गाड़ी घेर ली, चप्पल फेंकी और ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया. मौके पर पुलिस बल मौजूद है. दूसरी ओर मांझी सीट से CMP विधायक और महागठबंधन के प्रत्याशी सत्येंद्र यादव पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. विधायक की गाड़ी के शीशे तोड़े. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मांझी विधानसभा क्षेत्र के जैतपुर गांव में मतदान केंद्र पर विधायक पहुंचकर मतदान कार्य को प्रभावित करने का काम कर रहे थे, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया. इस दौरान कुछ शरारती तत्वों के द्वारा विधायक सत्येंद्र यादव के गाड़ी पर पत्थर मार दिया गया, जिससे गाड़ी का शीशा टूट गया. घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में महागठबंधन के कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.





