Home » Uncategorized » टोल प्लाजा के पास कार से 448.8 ग्राम चरस बरामद, 3 युवक गिरफ्तार

टोल प्लाजा के पास कार से 448.8 ग्राम चरस बरामद, 3 युवक गिरफ्तार

बिलासपुर: जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। घुमारवीं थाना पुलिस ने बलोह टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी के दौरान एक कार से 448.8 ग्राम चरस बरामद कर पंजाब के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना घुमारवीं की टीम ने बलोह टोल प्लाजा के समीप नाका लगाया हुआ था। इस दौरान पंजाब नंबर की एक कार को शक के आधार पर जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान कार से 448.8 ग्राम चरस बरामद हुई। मौके पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अश्विन्द्र सिंह (30) पुत्र गुरमीत सिंह, निवासी गली नम्बर-3, राम नगर हैवोवाल, जिला लुधियाना; गुरशरण जोत (27) पुत्र मोहण सिंह, निवासी राकबा, तहसील जगरांव, जिला लुधियाना; और गुरजोत सिंह (20) पुत्र जगदेव सिंह, निवासी दाखां, तहसील जगरांव, जिला लुधियाना के रूप में हुई है।

पुलिस का मानना है कि यह चरस की खेप संभवतः किसी अन्य स्थान पर सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी के कारण तीनों युवक पकड़े गए। मौके पर ही चरस को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं इस मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी घुमारवीं ने बताया कि पुलिस ने तीन युवकों से चरस की खेप बरामद की है और फिलहाल जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लाए थे और इसे कहां सप्लाई करने वाले थे। डीएसपी ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *