Home » Uncategorized » सुंदरनगर की राधिका बनीं भूवैज्ञानिक, यूपीएससी की सीजीएसई परीक्षा में देशभर में पाया 13वां रैंक…

सुंदरनगर की राधिका बनीं भूवैज्ञानिक, यूपीएससी की सीजीएसई परीक्षा में देशभर में पाया 13वां रैंक…

मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल की होनहार बेटी राधिका गुप्ता ने अपनी मेहनत, लगन और समर्पण के दम पर एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सफलता के लिए केवल लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प की आवश्यकता होती है। राधिका ने केंद्रीय लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित परीक्षा में भारत स्तर पर 13वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि के बाद उनका चयन भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग (Geological Survey of India) में भूवैज्ञानिक (Geologist) के पद पर हुआ है। राधिका गुप्ता, सुंदरनगर निवासी नरेंद्र गुप्ता (सेवानिवृत्त सहायक अभियंता, हिमाचल प्रदेश विद्युत विभाग) और कंचन गुप्ता (गृहिणी) की सुपुत्री हैं। परिवार में इस सफलता से खुशी का माहौल है। माता-पिता ने बेटी की इस उपलब्धि को “परिवार का सबसे गौरवपूर्ण क्षण” बताया। राधिका ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल सुंदरनगर से प्राप्त की, जबकि जमा दो की पढ़ाई महावीर पब्लिक स्कूल सुंदरनगर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने बी.एससी. और एम.एससी. की डिग्री पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से प्राप्त की तथा एम.टेक की उपाधि आईआईटी खड़गपुर से हासिल की। राधिका बताती हैं कि उन्होंने इस परीक्षा की तैयारी में लगातार तीन वर्षों तक कड़ी मेहनत की और कई बार असफलताओं का सामना करने के बावजूद हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बस निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास जरूरी है। आगामी 25 नवम्बर को वह हैदराबाद स्थित भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के प्रशिक्षण केंद्र में पदभार ग्रहण करेंगी। राधिका के बड़े भाई भी प्रेरणास्रोत हैं, जिन्होंने बी.टेक और एम.बी.ए. की पढ़ाई के बाद वर्तमान में हैदराबाद की एक एमएनसी में कार्यरत हैं।अपनी सफलता का श्रेय राधिका ने अपने माता-पिता, शिक्षकों और सतत प्रयास को दिया है। उन्होंने कहा कि माता-पिता ने हमेशा आत्मविश्वास और अनुशासन की भावना दी, जो सफलता की कुंजी रही। राधिका की इस सफलता से न केवल सुंदरनगर, बल्कि पूरा हिमाचल प्रदेश गौरवान्वित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *