शिमला: शिमला शहर में 3 नवंबर से निजी बस सेवाएं ठप रहेंगी। प्राइवेट मिनी बस ड्राइवर एवं कंडक्टर यूनियन ने 3 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। यूनियन ने बताया कि शहर में रूट व्यवस्था को लेकर पिछले कई दिनों से जारी विवाद पर प्रशासन और परिवहन विभाग ने कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। इसके चलते यह कदम उठाना पड़ा है। यूनियन की ओर से जारी पत्र के अनुसार बीते 12 अक्तूबर को आरटीओ कार्यालय और हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में एक बैठक हुई थी। इसमें निजी बस ऑपरेटर भी शामिल थे। बैठक में सर्वसम्मति से यह तय किया गया था कि जो बसें 40 किलोमीटर से अधिक दूरी से आती हैं, उन्हें शिमला शहर के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही यह भी निर्णय लिया गया था कि स्कूल ड्यूटी पर तैनात एचआरटीसी बसें किसी अन्य यात्री को नहीं उठाएंगी और बिना तय रूट के किसी भी बस को शहर के बीच से नहीं गुजरने दिया जाएगा। यूनियन ने आरोप लगाया है कि बैठक में हुए इन निर्णयों के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है और शहर में रूटों को लेकर प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ती जा रही है। प्रशासन और विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से निजी बस चालकों और परिचालकों में भारी रोष है। यूनियन ने कहा है कि अब चालक और परिचालक 3 नवंबर यानी सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। इस दौरान सभी निजी बसें आरटीओ कार्यालय के बाहर खड़ी की जाएंगी और शहर में कोई भी निजी बस नहीं चलेगी। इससे शिमला शहर और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। गौरतलब है कि शिमला शहर में निजी बस ऑपरेटर का अहम रोल रहता है, क्योंकि सरकारी बसें समय पर नहीं मिलती हैं, जिसके कारण बस अड्डे पर लोगों के भीड़ लगी रहती है. वहीं सोमवार का दिन होने के कारण ट्रैफिक भी काफी रहता है और ऐसे में यदि निजी बस नहीं चलेंगी तो लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. शिमला के कई ऐसे रूट हैं, जहां पर सरकारी बसें गिनी चुनी ही चलती हैं और वहां निजी बस पर सवारियां अपना सफर तय करती हैं।





