लाइव हिमाचल/नाहन: हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बार फिर सिरमौर के लोगों के साथ धोखा किया है और भगवान परशुराम व मां रेणुका की आस्था को गहरा आघात पहुंचाया है। यह आरोप लगाते हुए हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विनय गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले के उद्घाटन और देव परंपरा को तोड़कर लाखों लोगों की आस्था के साथ भद्दा मज़ाक किया है। विनय गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मेले के उद्घाटन का प्रवास कार्यक्रम भी जारी करवाया था। सिरमौर से ताल्लुक रखने वाले उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार के प्रवास कार्यक्रमों में भी स्पष्ट उल्लेख था कि वे मुख्यमंत्री के आगमन पर रेणुका में उनके साथ रहेंगे। परंतु मुख्यमंत्री रेणुका नहीं पहुंचे। विनय गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस के नेता शाम 5–6 बजे तक लोगों को यह झूठ बोलते रहे कि मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से रेणुका पहुंचने वाले हैं, जबकि मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से माईनाबाग स्थित आईटीआई भवन का उद्घाटन किया। न तो वे भगवान परशुराम की शोभायात्रा में शामिल हुए और न ही मेले का उद्घाटन किया। प्रदेश प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने न केवल भगवान परशुराम और मां रेणुका की देव आस्था के साथ खिलवाड़ किया है, बल्कि पूरे दिन भारी-भरकम पुलिस बल और प्रशासनिक संसाधन तैनात करवाकर रेणुका विकास बोर्ड व सरकारी तंत्र को लाखों रुपए का नुकसान पहुंचाया। विनय गुप्ता ने कहा कि सिरमौर के लोगों को मुख्यमंत्री के रेणुका प्रवास से जिले के विकास की उम्मीदें जगी थीं, लेकिन अचानक दौरा रद्द करने से लोगों की अपेक्षाओं पर पानी फिर गया। सिरमौर के लोग इस निकम्मी सरकार को कभी माफ नहीं करेंगे।





