Himachal Weather Today: हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है. कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों मनाली, चंबा, मंडी और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिली. लगातार बदलते मौसम से पहाड़ों में ठंड का असर बढ़ गया है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. 7 अक्टूबर को राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई, जबकि 8 अक्टूबर को कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके बाद सप्ताह के बाकी दिनों में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है. उच्च हिमालयी इलाकों में एक बार फिर बर्फबारी की संभावना जताई गई है. खराब मौसम को देखते हुए 7 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. बीते 24 घंटों में हुई बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ, लेकिन अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 6 से 10 डिग्री तक और गिरावट की संभावना है. इससे चंबा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू और मनाली में ठंड का असर साफ महसूस किया जा रहा है.
सोमवार को प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा –
शिमला: 16.2°C, सुंदरनगर: 18.3°C, भुंतर: 15.7°C, कल्पा: 8.5°C, धर्मशाला: 25.1°C, नाहन: 17.4°C, केलांग: 1.3°C, सोलन: 18.0°C, मनाली: 9.2°C, बिलासपुर: 21.6°C, हमीरपुर: 18.0°C, चंबा: 14.7°C, डलहौजी: 8.1°C, कुफरी: 10.9°C, ताबो: 7.8°C और बजौरा: 16.4°C लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी से हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शीतलहर का असर तेज हो गया है, जबकि निचले इलाकों में भी लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं।





