Home » Uncategorized » आपदा में ‘आप’ की मांग: हिमाचल प्रदेश को मिले विशेष राहत पैकेज

आपदा में ‘आप’ की मांग: हिमाचल प्रदेश को मिले विशेष राहत पैकेज

लाइव हिमाचल/सोलन : आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश ने मंडी जिले और आसपास के क्षेत्रों में हाल ही में आई भीषण प्राकृतिक आपदा पर गहरी चिंता व्यक्त की है। पार्टी ने केंद्र और राज्य सरकारों से एकजुट होकर प्रभावित लोगों को तुरंत राहत पहुँचाने के लिए एक विशेष राहत पैकेज की मांग की है। आप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर ने आज एक प्रेस नोट जारी करते हुए कहा कि बाढ़ और भूस्खलन ने प्रदेश में जान-माल, पशुधन और आधारभूत संरचना को भारी क्षति पहुँचाई है। उन्होंने कहा, “यह समय राजनीति का नहीं, बल्कि मिलकर काम करने का है। सुक्खू सरकार बहाने न बनाए और केंद्र से एक बड़ा विशेष राहत पैकेज दिलाए।”
सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा, “यह आपदा इतनी गंभीर है कि इससे अकेले निपटना संभव नहीं है। मोदी जी को हिमाचल की इस आपदा के लिए विशेष पैकेज लेकर आना चाहिए।” उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘आप’ की मुख्य माँग ‘साढ़ा हक ऐत्थे रख’ है, यानी आपदा की घड़ी में प्रभावित लोगों को उनका हक मिलना चाहिए।

* विशेष आपदा राहत पैकेज: केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर हिमाचल प्रदेश के लिए एक ‘विशेष आपदा राहत पैकेज’ तुरंत घोषित करें।

* आर्थिक सहायता और पुनर्वास: मृतकों के परिवारों को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, और बेघर हुए लोगों को ‘प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना’ के तहत तत्काल घर उपलब्ध कराए जाएँ।

* किसानों को मुआवजा: फसल क्षति का शीघ्र मूल्यांकन कर किसानों को पर्याप्त मुआवजा और बीमा राशि का भुगतान किया जाए, साथ ही उनके ऋण माफ किए जाएँ।

* बुनियादी ढाँचे का पुनर्निर्माण: टूटी हुई सड़कों, पुलों, स्कूलों और अस्पतालों के पुनर्निर्माण के लिए एक विशेष बजट आवंटित किया जाए।

* तत्काल सहायता: प्रभावित क्षेत्रों में भोजन, पानी, दवाइयाँ और चिकित्सा शिविरों की तत्काल व्यवस्था की जाए। बिजली, संचार और पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल किया जाए।

* ‘राष्ट्रीय आपदा ग्रस्त क्षेत्र’ घोषित हो: केंद्र सरकार इस आपदा को ‘राष्ट्रीय आपदा ग्रस्त क्षेत्र’ घोषित कर विशेष केंद्रीय सहायता उपलब्ध कराए।
वहीं इस अवसर पर रीता ठाकुर, जतिन मुसाफिर, रणबीर मंढोतरा, सुशील पंवर, चेतन कुमार और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *