Home » Uncategorized » हिमाचल प्रदेश की बड़ी उपलब्धि, 100 फीसदी साक्षर बना अब कोई अनपढ़ नहीं

हिमाचल प्रदेश की बड़ी उपलब्धि, 100 फीसदी साक्षर बना अब कोई अनपढ़ नहीं

शिमला : हिमाचल प्रदेश ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. राज्य अब 100 फीसदी साक्षर बन गया है. इसकी आधिकारिक घोषणा सोमवार को की जाएगी. शिमला में शिक्षक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सुक्खू सरकार में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि शिक्षक दिवस पर आयोजित समारोह में यह उपलब्धि पूरे गर्व के साथ साझा की जाएगी. अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि राज्य के हर शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम है. उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल ने हमेशा नए आयाम स्थापित किए हैं और पूर्ण साक्षरता प्राप्त करना राज्य के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है. शिक्षक दिवस के मौके पर राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन पीटरहॉफ में चल रहा है. समारोह में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए, जबकि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की. तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी भी समारोह में मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने राज्यपाल और मंत्रियों का स्वागत कर की. उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में वर्तमान में 17,330 स्कूल संचालित हैं, जिनमें लगभग 14.25 लाख छात्र और 1.02 लाख शिक्षक कार्यरत हैं. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ श्रेणियों में शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन न आने के कारण चयन नहीं हो सका. मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए. वे शुक्रवार सुबह हेलिकॉप्टर से आपदा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर रवाना हुए. मुख्यमंत्री कुल्लू जिले में नुकसान का जायजा लेने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे. हालांकि कार्यक्रम के लिए छपे निमंत्रण पत्र में मुख्यमंत्री का नाम दर्ज था।

Leave a Comment