Home » हिमाचल प्रदेश » मणिमहेश यात्रा मार्ग पर फिर भूस्खलन, रोकी गई यात्रा…

मणिमहेश यात्रा मार्ग पर फिर भूस्खलन, रोकी गई यात्रा…

लाइव हिमाचल/चंबा: श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान शनिवार देर रात सुंदरासी में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हो गया. भूस्खलन से मलबा सड़क पर आ जाने से आवागमन बाधित हो गया है. राहत की बात यह है कि किसी भी यात्री के प्रभावित होने की खबर सामने नहीं आई है, लेकिन नुकसान की आशंका जताई जा रही है. वहीं, यात्रा मार्ग पर फिसलन बढ़ने के साथ ही कई स्थानों पर भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में यात्रा करना सुरक्षित नहीं है। रविवार को जहां जिला चंबा के विभिन्न हिस्सों में भारी वर्षा हुई। वहीं, भरमौर में सुबह से लेकर दोपहर तक हल्की वर्षा का दौर जारी रहा। लेकिन, दोपहर बाद वर्षा तेज हो गई, जिस कारण यात्रियों के कदम थम गए हैं। शनिवार को सुंदरासी के समीप भारी भूस्खलन होने के कारण करीब 15 घंटे तक यात्रा बाधित रही थी। रविवार सुबह छह बजे प्रशासन ने हड़सर से यात्रा शुरू कर दी थी। लेकिन दोपहर बाद भारी बारिश के बीच गुईनाला में पत्थर गिरने शुरू हो गए। इसके बाद सेक्टर अधिकारी की ओर से एडीएम भरमौर को सूचना दी गई, इसके बाद प्रशासन ने यात्रा पर रोक लगा दी है। प्रशासन ने यात्रियों को सुरक्षित कैंपों में रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सेक्टर अधिकारियों, पुलिस, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ को भी सतर्क रहने को कहा गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि रविवार को किसी भी यात्री के साथ कोई घटना होने की सूचना नहीं है। सभी यात्री सुरक्षित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12