Home » Uncategorized » GST दरों में बड़ा बदलाव 12% और 28% टैक्स स्लैब खत्म करने पर मंत्री समूह की मुहर…

GST दरों में बड़ा बदलाव 12% और 28% टैक्स स्लैब खत्म करने पर मंत्री समूह की मुहर…

दिल्ली: देशभर में लागू वस्तु एवं सेवा कर (GST) को और सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को हुई महत्वपूर्ण बैठक में GST रेट रेशनलाइजेशन पर गठित मंत्री समूह (GoM) ने केंद्र सरकार के उस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया, जिसमें दो टैक्स स्लैब — 12% और 28%- को हटाने की सिफारिश की गई थी। बैठक की अध्यक्षता बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की। उन्होंने बताया कि सरकार अब केवल 5%, 18% और विशेष वस्तुओं के लिए 40% की दर रखने की योजना पर आगे बढ़ेगी।

क्या होगा नया टैक्स सिस्टम?

फिलहाल जीएसटी के तहत चार दरें लागू हैं — 5%, 12%, 18% और 28%। लेकिन नए प्रस्ताव के तहत:
5% दर सिर्फ जरूरी (merit) सामानों और सेवाओं पर लागू होगी। 18% दर सामान्य वस्तुओं और सेवाओं पर लगाई जाएगी। वहीं, 40% टैक्स की उच्च दर सिगरेट, शराब, लक्जरी गाड़ियां जैसे “सिन गुड्स” पर ही लागू रहेगी।

आम आदमी को बड़ा तोहफा, ज्यादातर सामान हो सकते हैं सस्ते
इस बदलाव के बाद ज्यादातर सामान सस्ते हो सकते हैं. अभी जो सामान 12% जीएसटी में आते हैं, उनमें से करीब 99% को 5% जीएसटी स्लैब में ले जाया जाएगा. वहीं, 28% जीएसटी वाले 90% सामानों को घटाकर 18% स्लैब में शिफ्ट किया जाएगा. इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा क्योंकि कई जरूरी चीजें पहले से ज्यादा किफायती हो सकती हैं.

GoM की बैठक में कौन-कौन शामिल थे?
यह बैठक बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई. इसके अलावा, इसमें यूपी के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, राजस्थान की स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह, पश्चिम बंगाल की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य, कर्नाटक के राजस्व मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा और केरल के वित्त मंत्री के एन बालगोपाल शामिल रहे.

आम जनता और छोटे कारोबारियों को फायदा

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बैठक में कहा कि नया सिस्टम आम लोगों, किसानों, मिडिल क्लास और छोटे कारोबारियों के लिए फायदेमंद होगा. इससे जीएसटी ज्यादा पारदर्शी और ग्रोथ-फ्रेंडली बनेगा.

1 अक्टूबर से GST की नई दरें लागू होने का अनुमान

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की एक रिसर्च रिपोर्ट के अनुसार अगर यह प्रस्ताव लागू होता है, तो इससे सालाना लगभग 85,000 करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हो सकता है। चालू वित्त वर्ष में, अगर नई कर दरें 1 अक्टूबर से लागू होती हैं, तो राजस्व का नुकसान 45,000 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। बता दें कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से देशवासियों को दीवाली से पहले जीएसटी मामले में तोहफा देने का ऐलान किया था। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि सरकार जल्द ही जीएसटी के नए स्लैब लागू कर सकती है। इंश्योरेंस प्रीमियम पर जीएसटी छूट का सुझाव इस बैठक में केंद्र ने यह भी प्रस्ताव रखा कि हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस प्रीमियम पर जीएसटी को पूरी तरह माफ कर दिया जाए. ज्यादातर राज्यों ने इसका समर्थन किया, लेकिन उन्होंने कहा कि कंपनियों पर सख्त नजर रखनी होगी ताकि वे यह फायदा सही मायने में ग्राहकों तक पहुंचाएं. हालांकि, इस छूट से सालाना करीब 9,700 करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *