Home » Uncategorized » हिमाचल की एक जांबाज महिला अफसर से प्रेरित फिल्म “द लेडी कॉप”, 30 अगस्त को OTT पर होगी रिलीज

हिमाचल की एक जांबाज महिला अफसर से प्रेरित फिल्म “द लेडी कॉप”, 30 अगस्त को OTT पर होगी रिलीज

नाहन : हिमाचल प्रदेश की एक जाबांज महिला पुलिस अधिकारी की सच्ची घटना पर आधारित फिल्म ‘द लेडी कॉप’ इस महीने 30 अगस्त को अतरंगी OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ होने जा रही है। यह फिल्म ड्रग माफियाओं के खिलाफ हुई उस जंग को दर्शाती है, जिसने न केवल प्रदेश बल्कि देशभर में सुर्खियां बटोरी थीं। निर्देशक निशा ठाकुर ने बताया कि फिल्म की कहानी वर्ष 2008 से 2018 के बीच के उस दौर पर आधारित है, जब ड्रग माफिया युवाओं को नशे की दलदल में धकेल रहे थे। इस कठिन समय में एक महिला पुलिस अधिकारी ने अपने साहस, निडरता और कर्त्तव्यनिष्ठा के दम पर इन माफियाओं के खिलाफ मोर्चा खोला और नशे के कारोबार की कमर तोड़ दी। उन्होंने सैकड़ों युवाओं को इस जाल से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। निशा ठाकुर ने कहा कि फिल्म की शूटिंग हिमाचल के विभिन्न स्थानों पर की गई है ताकि दर्शकों को वास्तविक माहौल का अनुभव हो। उन्होंने शूटिंग के दौरान मिले सहयोग के लिए सांसद सुरेश कश्यप, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और हिमाचल पुलिस प्रशासन का विशेष आभार व्यक्त किया। फिल्म के सह-निर्माता हर्षवर्धन गुप्ता ने बताया कि इस फिल्म का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है, साथ ही जो लोग नशे की चपेट में हैं, उन्हें इससे बाहर निकलने का सकारात्मक संदेश देना है। फिल्म में मुख्य भूमिका प्रियंका सारस्वत ने निभाई है, जो महिला पुलिस अफसर के किरदार में नज़र आएंगी। नाहन के अनीश सैनी एक इंस्पेक्टर के किरदार में नजर आएंगे, जबकि राजीव सोढा को खलनायक के रूप में पेश किया गया है। इसके अलावा मोनू यादव और मनीष कांडी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]