



. शूलिनी मेला के दौरान कर्मियों द्वारा दी गई बहुमूल्य सेवाओं के लिए किया सम्मानित
सोलन: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि शहर व अपने क्षेत्र को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। डॉ. शांडिल आज यहां राज्य स्तरीय शूलिनी मेला-2025 के दौरान नगर निगम सोलन के सफाई कर्मियों तथा अन्य कर्मचारियों द्वारा मेले में दी गई बहुमूल्य सेवाओं के लिए आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने इससे पूर्व 18.50 लाख रुपए की लागत से नवीनीकृत नगर निगम के बहुउद्देशीय हाल का शुभारंभ भी किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नगर निगम के सफाई कर्मियों का शहर को स्वच्छ रखने में अहम योगदान रहता है। शहर को सुंदर बनाने के लिए हमें लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ मिलकर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता एक अच्छी आदत है, जो हमारे जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाती है। डॉ. शांडिल ने कहा कि शीघ्र ही नगर निगम के अंतर्गत सभी 17 वार्डों में कूड़ा स्थल चिन्हित किए जाएंगे। इन चिन्हित स्थलों की सी.सी.टी.वी. कैमरे से मॉनिटरिंग भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ-साथ आज के समय में पर्यावरण के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। पर्यावरण हमारे जीवन के लिए बहुत महत्वपूर्ण है और इसके संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में धरा को हरा-भरा करने के लिए अधिक से अधिक पौधे रोपित करने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा नगर निगम क्षेत्र में लोगों की लम्बे समय से चल रही पेयजल वितरण समस्या को सुलझाने के लिए इस कार्य को अब नगर निगम से जल शक्ति विभाग को सौंपकर समाधान किया गया है। डॉ. शांडिल ने राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेला-2025 में नगर निगम सोलन के सफाई कर्मियों, श्रमिकों, लाईनमेन, कीमेन तथा अन्यों द्वारा बहुमूल्य सेवाएं प्रदान करने पर उनकी सराहना की और उन्हें सम्मानित किया।
डॉ. शांडिल ने इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर ठोडो मैदान में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा युवाओं को सशक्त तथा नशे से दूर रखने के लिए आयोजित मैराथन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने मैराथन में विजेता रहे खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश में भारी वर्षा से आई आपदा के प्रभावितों के लिए एकत्रित की जा रही राहत राशि में अपना अंशदान देकर अन्य लोगों को भी अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर गीता आदर्श विद्यालय सोलन के बच्चों द्वारा पर्यावरण विषय पर लघु नुक्कड़ नाटिका के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को जागरूक भी किया गया।
नगर निगम सोलन की महापौर ऊषा शर्मा, उप महापौर मीरा आनन्द, पार्षद राजीव कौडा, सरदार सिंह ठाकुर, ईशा पराशर, पूजा, संगीता, सीमा, रजनी व अभय शर्मा, मनोनीत पार्षद विजय ठाकुर तथा रजत थापा, ग्राम पंचायत नौणी के प्रधान मदन हिमाचली, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेन्द्र सेठी, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, सेवानिवृत्त कर्नल संजय शांडिल, विकास काल्टा, शोभित बहल, संधीरा सीनू सिंह, नगर निगम की आयुक्त एकता कापटा, उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बसंल सहित नगर निगम के कर्मचारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर मौजूद थे।