Home » ताजा खबरें » लोक निर्माण विभाग परवाणू के विश्रामगृह में पंखे से लटका मिला हेल्पर का शव…

लोक निर्माण विभाग परवाणू के विश्रामगृह में पंखे से लटका मिला हेल्पर का शव…

लाइव हिमाचल/परवाणू: हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के परवाणू स्थित रेस्ट हाउस में बतौर हेल्पर कार्यरत एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 31 वर्षीय जगदीश चौहान पुत्र स्व. रूप राम निवासी गांव धारडा, डाकघर खा. प्राथा, तहसील कसौली, जिला सोलन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई की सुबह सर्किट हाउस परवाणू में तैनात एक हेल्पर ने पुलिस थाना परवाणू को सूचना दी कि रेस्ट हाउस में एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्ट हाउस के कमरा नंबर 11 को खोला गया, जहां मृतक का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका पाया गया। पुलिस टीम ने मौके पर मृतक के परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा और गहन निरीक्षण किया। मृतक के गले में फंदे के निशान के अलावा किसी प्रकार की चोट या संघर्ष के कोई चिह्न नहीं पाए गए। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक विवाहित था और उसका किसी महिला के साथ प्रेम संबंध चल रहा था, जिसके बारे में परिवार को भी जानकारी थी। पुलिस के अनुसार, मृतक ने संभवतः तैश या मानसिक तनाव में आकर 30 और 31 जुलाई की दरम्यानी रात को यह कदम उठाया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई अस्पताल परवाणू भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों और मौके पर मौजूद अन्य लोगों के बयान दर्ज किए हैं। परिजनों ने किसी तरह की साजिश या शक जाहिर नहीं किया है, फिर भी पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *