लाइव हिमाचल/मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट के मसरेन में बस हादसे में घटना के बाद एकदम से चीख पुकार मच गई. हादसे में पुलिस और एंबुलेंस के आने से पहले घायलों को स्थानीय लोगों ने मौके से निकाला. इस दौरान कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें लोग घायलों को निकालते हुए नजर आ रहे हैं.गौरतलब है कि कि इस हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 22 लोग घायल हैं, इसमें ज्यादातर महिलाएं हैं. डीएसपी सरकाघाट संजींव गौतम ने बताया कि बस सरकाघाट से दुर्गापुर जमणी रूट जा रही थी. हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे एक शख्स ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले उन लोगों को निकाला, जिनके बारे में लग रहा था कि यह जिंदा हैं. वह बताते हैं कि हादसे में घायल एक महिला को जब वह निकाल रहे थे तो महिला ने कहा कि उनका डेढ़ लाख रुपये से भरा बैग बस में पड़ा है, वह उसे ले आए. शख्स ने बताया कि महिला घायल थी लेकिन उसकी हालत ठीक थी. बाद में वह क्षतिग्रस्त बस में गए और फिर लाल बैग लेकर आए और महिला को सौंप दिया.




