Home » Uncategorized » सनवारा टोल प्लाजा पर ओवरलोडिंग चार्ज को लेकर चालकों ने की मारपीट, दो गिरफ्तार

सनवारा टोल प्लाजा पर ओवरलोडिंग चार्ज को लेकर चालकों ने की मारपीट, दो गिरफ्तार

लाइव हिमाचल/सोलन : जिला सोलन के सनवारा टोल प्लाजा पर ओवरलोडिंग चार्ज को लेकर दो वाहनों के चालकों व टोल कर्मचारियों के बीच रविवार देर रात जमकर हंगामा व मारपीट हुई। इस घटना में टोल प्लाजा के कई कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) धर्मपुर ले जाया गया। टोल प्लाजा कर्मचारी अमित सिंह ने पुलिस थाना धर्मपुर में दी शिकायत में बताया कि 13 जुलाई की रात लगभग 9:30 बजे लेन नंबर 05 पर (HP-64C-9024) टिप्पर और लेन नंबर 03 पर (HP-25C-2786) केंटर पहुंचा। जब टोल पर्ची कटवाने के लिए कर्मचारियों ने शुल्क मांगा, तो चालकों ने आनाकानी शुरू कर दी और बहस बाजी करने लगे। वहीं कर्मचारी सोनू ने स्थिति को शांत करने की कोशिश की, लेकिन तभी एक ट्रक चालक ने उस पर हमला कर दिया। देखते ही देखते 4–5 अन्य चालकों ने भी टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी और पूरे टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही धर्मपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों अमन ठाकुर (30), निवासी मलानग, जिला सोलन और सूर्य प्रकाश, निवासी कुकरी, जिला शिमला को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, घटना में शामिल टिप्पर व केंटर को भी जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की जड़ ओवरलोडिंग को लेकर वसूले जा रहे अतिरिक्त शुल्क थे। वाहन चालकों का आरोप है कि टोल कर्मचारी ओवरलोडिंग के नाम पर उनसे मनमानी वसूली कर रहे थे। यही बहसबाजी बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]