Home » ताजा खबरें » मुंबई में खुला टेस्ला का पहला शोरूम, CM फडणवीस ने कहा- सही शहर और राज्य में पहुंची टेस्ला

मुंबई में खुला टेस्ला का पहला शोरूम, CM फडणवीस ने कहा- सही शहर और राज्य में पहुंची टेस्ला

मुंबई: मशहूर इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला ने भारत में औपचारिक रूप से एंट्री कर ली है। मंगलवार को मुंबई के बीकेसी में टेस्ला के पहले शोरूम की लॉन्चिंग हुई। टेस्ला का शोरूम मुंबई में बांद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स के मेकर मैक्सिटी मॉल में खुला है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने टेस्ला के शोरूम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने देश में टेस्ला का स्वागत करते हुए कहा कि ‘टेस्ला, वेलकम टू इंडिया’। भारत में टेस्ला की योजनाओं को लेकर काफी चर्चाएं हैं। हालांकि केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी पहले ही साफ कर चुके हैं कि टेस्ला फिलहाल भारत में कारों का उत्पादन नहीं करेगी। कुमारस्वामी ने कहा कि ‘टेस्ला फिलहाल भारत में अपनी कारें बेचना चाहती है और इसके अलावा उनकी कोई और योजना नहीं है।’ टेस्ला ने अभी तक अपनी योजनाओं पर चुप्पी साधी हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स में टेस्ला की वेबसाइट के हवाले से बताया गया है कि भारत में टेस्ला की मॉडल वाई इलेक्ट्रिक कार 60 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर मिल सकती है। गौरतलब है कि अमेरिका और चीन में इस मॉडल वाई कार की कीमत कम है। इस साल की शुरुआत में टेस्ला ने भारत में कर्मचारियों की भर्ती शुरू कर दी थी, जिसके बाद ही टेस्ला के भारतीय बाजार में दाखिल होने की चर्चाएं शुरू हो गईं थी। टेस्ला सीईओ एलन मस्क भी पूर्व में भारत में निवेश की इच्छा जता चुके हैं, लेकिन उन्होंने भारत में लगने वाले उच्च आयात कर को सबसे बड़ी परेशानी बताया था। हालांकि भारत सरकार द्वारा हाल ही में नई ईवी नीति का एलान किया गया है, जिसमें वैश्विक ईवी कार निर्माताओं को कई सुविधाएं और कम आयात कर की पेशकश की गई है। ऐसे में हो सकता है कि टेस्ला आने वाले समय में भारत में ईवी निर्माण के क्षेत्र में भी उतर जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]