Home » ताजा खबरें » Himachal Pradesh: ब्यास नदी पार करते मां की गोद से छिटककर पानी में गिरी पांच साल की मासूम…

Himachal Pradesh: ब्यास नदी पार करते मां की गोद से छिटककर पानी में गिरी पांच साल की मासूम…

कुल्लू : जिला कुल्लू में एक दर्दनाक हादसे में पांच साल की मासूम ब्यास नदी में गिर गई। महिला घरूरू (अस्थायी झूला पुल) से नदी को पार कर रही थी, इस दौरान अचानक गोद में ली पांच वर्ष की मासूम बच्ची मां से छिटककर पानी में गिर गई, जिसकी मौत हो गई है। दूसरी बेटी रस्सी पकड़कर दस मिनट तक झूलती रही, जबकि मां भी घरूरू पर फंसी हुई थी। दोनों की चीख-पुकार सुनकर लोग घटना स्थल की ओर दौड़े और पुल पर फंसीं मां और बेटी को कड़ी मशक्कत कर नीचे उतारा। नदी में गिरी छोटी बच्ची का शव लोगों ने घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर आगे पानी से बाहर निकला। रविवार दोपहर करीब 2:00 बजे रजनी अपनी दो बेटियों परी (5) और वंशिका (14) के साथ जिया से अपने घर शमशी वर्कशॉप की तरफ जाने के लिए घरूरू से ब्यास नदी को पार कर रही थीं। इस बीच घरूरू का जोरदार झटका लगा। इससे सभी का संतुलन बिगड़ गया। परी रजनी की गोद में थी। वह छिटककर सीधे नदी में गिर गई। वंशिका को भी संभलने का मौका नहीं मिला, लेकिन गिरते हुए वंशिका के हाथ में घरूरू की रस्सी आ गई। वंशिका ने रस्सी को कसकर पकड़ लिया और करीब दस मिनट तक नदी से 20 फीट ऊपर बने घरूरू से झूलती रही। रजनी भी घरूरू पर बुरी तरह से फंसी हुई थीं। वह चाहकर भी वंशिका की मदद नहीं कर पा रही थीं। दोनों की चीखने की आवाजें सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे। लोगों ने मां-बेटी को सुरक्षित नीचे उतारा। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। लेकिन मासूम को नहीं बचाया जा सका। पुलिस अधीक्षक डा. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Comment